Bareilly: काम के बदले टीजी टू कर्मचारियों से मांग रहा अपना हिस्सा...ऑडियो वायरल होने पर मची खलबली
बरेली, अमृत विचार। कार्मिशयल- 2 में सीबीगंज सबस्टेशन पर तैनात टीजी टू का पैसों के लेन-देन का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें वह कर्मचारियों से किसी काम के बदले लिए गए पैसों में अपने हिस्से की मांग कर रहा है। ऑडियो वायरल होने के बाद एसडीओ ने जांच के आदेश देकर सोमवार को टीजी टू को अपने कार्यालय में तलब किया है।
पावर कारपोरेशन में भ्रष्टाचार मिटाने के लिए बरेली जोन प्रथम के मुख्य अभियंता लगातार कार्रवाई के साथ सबस्टेशन का निरीक्षण कर रहे है, लेकिन निचले स्तर के कर्मचारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। कार्मिशयल- 2 में सीबीगंज सबस्टेशन पर तैनात एक टीजी टू का ऑडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
इसमें टीजी टू अपने नीचे के स्तर के कर्मचारी और संविदा कर्मचारियों से फोन पर बात करते हुए किसी काम के बदले लिए गए पैसे में अपना हिस्सा मांग रहा है। वायरल ऑडियों में टीजी टू कर्मचारियों से कह रहा है वह ही उन्हें सबसे अधिक काम दिलाकर कमाई कराता है। ऐसे में काम के बदले में मिलने वाले पैसे में उसका हिस्सा भी दिया जाए।
बताया जा रहा है कि कुदेशिया फाटक के पास एक जगह पर बिजली का मामला पकड़े जाने पर पिछले दिनों टीजी टू ने 30 हजार रुपये लेकर मामले का निस्तारण किया था। वायरल ऑडियो संज्ञान में आने पर एसडीओ रोहित सिंह ने मामले की जांच शुरू कराकर सोमवार को टीजी टू को कार्यालय में तलब किया है। एसडीओ ने बताया कि जांच में दोषी पाए जाने पर टीजी टू के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें-UP: अतीक के भाई अशरफ के मददगार अजहर ने कोर्ट में किया सरेंडर
