सनातन धर्म का पर्व... सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली पर्व की बधाई, लिखा- सदियों से राम आगमन पर मनाया जा रहा त्यौहार 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम से उनकी सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की है। यहां आज जारी एक शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पर्व एवं त्योहार शांति, एकता व सद्भाव का संदेश देते हैं और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देते हैं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘दीपावली का पर्व भारत की सनातन धर्म परंपरा का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के 14 वर्षों के वनवास के उपरांत अयोध्या आगमन और रामराज्य की शुरुआत की स्मृति में आज से हजारों वर्ष पूर्व पूरे भरतखंड में श्रद्धालुओं ने दीपमालाओं से अपने-अपने घरों को सजाकर इस पर्व को मनाना प्रारंभ किया था।’’ 

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह हम सभी का सौभाग्य है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन जन्मस्थली अयोध्या उत्तर प्रदेश में है।’’ योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘राज्य सरकार अयोध्या में दीपावली के आयोजन की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा को ‘दीपोत्सव’ के आयोजन के माध्यम से पुनः प्रतिष्ठित कर रही है और सम्पूर्ण विश्व समुदाय को अयोध्या की महिमा से परिचित कराने का कार्य कर रही है।’

राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देशवासियों को दीपावली, गोवर्धनपूजा, तथा भाईदूज की बधाई दी। सपा मुख्यालय से जारी एक बयान में यादव ने कहा, “प्रकाश पर्व दीपावली का त्योहार सभी लोग मिल जुलकर मनायें। एक दूसरे का सम्मान करें।” 

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ‘एक्स’ पर लिखा “शुभ दीपावली - उत्तर प्रदेश की जनता और सभी देशवासियों को दीपोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें।” 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर लिखा, “अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य तथा निराशा पर आशा की विजय के प्रतीक महापर्व दीपावली की समस्त देश व प्रदेशवासियों को हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं!” 

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लिखा, “दीपावली का यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, वैभव और खुशियों का प्रकाश लेकर आए ऐसी ईश्वर से मंगल कामना करता हूं।” 

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा, “आप सभी प्रदेशवासियों को अंधकार पर प्रकाश की शाश्वत विजय के पावन पर्व दीपावली की हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं।

ये भी पढ़े : 

सरयू आरती का विश्व रिकॉर्ड...2100 महिलाओं ने एक साथ की आरती, World Guinness Book of World Records में नाम दर्ज

 

संबंधित समाचार