बरेली: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, पुलिस को दी हत्या की सूचना
अमृत विचार, बरेली। संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। पड़ोसियों ने पुलिस को हत्या की सूचना दे दी। इंस्पेक्टर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस महिला के पति को हिरासत में लेकर थाने ले आई। बाद में लड़के और लड़की वालों ने पुलिस को लिखित में दे दिया कि महिला की …
अमृत विचार, बरेली। संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। पड़ोसियों ने पुलिस को हत्या की सूचना दे दी। इंस्पेक्टर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस महिला के पति को हिरासत में लेकर थाने ले आई। बाद में लड़के और लड़की वालों ने पुलिस को लिखित में दे दिया कि महिला की मौत बीमारी से हुई है। इसके बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपी को छोड़ दिया। देर शाम परिवार के लोगों ने विवाहिता को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का पड़ोस के ही रहने वाले एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसके बाद दोनों में संबंध बनने के बाद युवती सात माह के गर्भ से हो गई। परिवार के लोगों को जब युवती के गर्भवती होने की जानकारी हुई तो उन्होंने लड़के के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करा दी। फिर कुछ दिनों बाद आपसी समझौता होने के बाद दोनों का निकाह करा दिया गया। निकाह के बाद से ही युवती की तबीयत खराब रहने लगी।
मायके वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया मगर उसकी हालत में ज्यादा सुधार नहीं हो सका। डेढ़ साल पहले युवती एक बेटे को जन्म दिया था। रविवार की सुबह विवाहिता की अचानक मौत हो गई। इसके बाद उसकी बड़ी बहन ने पुलिस को हत्या की सूचना देकर बुला लिया। हत्या की सूचना पर इंस्पेक्टर सीबीगंज फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। हालांकि, बाद में दोनों परिवार के लोगों ने पुलिस को लिखित में देकर कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हिरासत में लिए हुए पति को छोड़ दिया।
महिला की मौत के बाद किसी ने हत्या की सूचना दी थी। फोर्स के साथ मौके पर पहुंचा था। बाद में दोनों परिवारों के लोगों ने बीमारी की वजह से मौत की बात कही। इसके बाद पुलिस वापस लौट आई। -बच्चू सिंह यादव, इंस्पेक्टर, सीबीगंज थाना
