बारिश से धान को नुकसान की आशंका: किसानों को सलाह...खेतों से निकालें पानी, न करें धान की कटाई
लखनऊ, अमृत विचार : जिले में गुरुवार को हुई बारिश का असर धान पर पड़ा है। खेतों पर काटकर रखा धान भीग गया। कहीं-कहीं पानी भरने से खड़ी फसल को भी नुकसान पहुंचा। ऐसे में जिला कृषि अधिकारी तेग बहादुर सिंह ने किसानों को धान की कटाई रोकते हुए जलनिकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी है।
उन्होंने बताया कि जिले में 40 फीसदी धान कट चुका है। जो किसान कटाई कर रहे वह नमी रहने तक कटाई न करें। खासकर काटा हुआ धान बंडल बनाकर खेतों पर न रखें, नहीं तो भीगने पर धान सड़ जाएगा। खड़ी फसल को किसी तरह का नुकसान नहीं है। लेकिन, ज्यादा बारिश और जलभराव होने पर नुकसान पहुंचेगा।
मढ़ाई का कार्य तेजी से निपटा दें। किसान जलनिकासी की व्यवस्था करें और पानी निकालें। वहीं, रबी फसलों की बोवाई न करें। खेतों में नमी अधिक है। पलेवा व अन्य कार्य करके खेत तैयार कर लें। इससे सिंचाई का पैसा बचेगा।
