Saudi bus accident: सऊदी में ही 42 उमराहों का होगा अंतिम संस्कार, तेलंगाना सरकार का ऐलान, दिए जाएंगे 5-5 लाख

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

हैदराबाद। सऊदी अरब में हुए दुखद बस हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं के लगभग 50 परिजन अंतिम संस्कार के लिए यहां से खाड़ी देश के लिए रवाना होंगे। यह जानकारी तेलंगाना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को दी। अधिकारी ने ‘न्यूज़ एजेंसी’ को बताया कि अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन के नेतृत्व में तेलंगाना सरकार की एक टीम अंतिम संस्कार की व्यवस्था सहित राहत कार्यों में समन्वय करने के लिए सऊदी अरब पहुंच गई है। 

पहचान से परे जल चुके शवों को सुरक्षित रखा गया है। मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए डीएनए परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘सऊदी अरब जाने वाले परिजन से डीएनए नमूने का मिलान होने के बाद ही मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।’’ उन्होंने बताया कि तेलंगाना सरकार और यात्रा मुआवजे के अलावा, सऊदी सरकार भी मृतक के परिजन को मुआवज़ा दे सकती है। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के लिए डीएनए मिलान बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार के राजस्व विभाग को भी परिवार के सदस्यों को संबंधित दस्तावेज जारी करने होंगे। 

अधिकारी ने बताया कि सामूहिक अंतिम संस्कार होने की संभावना है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के अनुसार, बस दुर्घटना में 42 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें से अधिकतर तेलंगाना के थे। हालांकि, हैदराबाद के पुलिस आयुक्त वी. सी. सज्जनार ने सोमवार को मृतकों की संख्या 45 बताई। तेलंगाना सरकार ने मृतकों का अंतिम संस्कार सऊदी अरब में धार्मिक परंपराओं के अनुसार करने और मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का सोमवार को फैसला किया। 

ये भी पढ़ेः 
Saudi bus accident: 42 भारतीय हज यात्रियों की मौत पर PM मोदी ने जताया दुःख, हेल्पलाइन नंबर जारी... रेवंत रेड्डी ने दिए जानकारी जुटाने के निर्देश 

संबंधित समाचार