Moradabad : सुबह और रात की ठिठुरन ने किया परेशान...अलाव के लिए अब तक तय नहीं स्थान
मुरादाबाद, अमृत विचार। मौसम का रंग लोगों को सुबह और रात में ठंड और दिन में हल्की गर्मी का अहसास करा रहा है। कई दिनों से गलन बढ़ गई है। इस ठंड में अभी भी गरीब व निराश्रित खुले आसमान के नीचे फुटपाथ पर सोने को विवश हैं। क्योंकि अभी तक निकायों की ओर से उनके लिए आश्रय स्थल दुरुस्त नहीं किए गए हैं।
मौसम के बदलते रंग से लोग बीमार पड़ रहे हैं। क्योंकि तापमान का असंतुलन लोगों को बीमार कर रहा है। कभी तापमान बढ़ रहा है तो कभी एक दो डिग्री लुढ़क कर लोगों को ठंड से ठिठुरा रहा है। शुक्रवार की सुबह गलन अधिक रही। दिन में हालांकि धूप की तपिश ठीक होने से राहत मिली। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कभी कोहरे की चादर से सुबह और रात ढकी रह रही है तो कभी आसमान साफ होने से दिन में खिली धूप हो रही है।
शुक्रवार की शाम ढलते ही अचानक गलन बढ़ गई। ठंड में सबसे अधिक गरीब व बेसहारा लोगों के साथ ही बेजुबानों को दिक्कत होती है। प्रशासन व निकायों की ओर से अधिकांश रैन बसेरा, शेल्टर होम में प्रबंध पूरे नहीं होने से लोग ठिठुरने को विवश हैं। हालांकि हरथला स्थित रामगंगा विहार वाली रोड पर स्थित शेल्टर होम में ठहरे व्यक्ति को गुरुवार रात कंबल व बिस्तर मिल गया था। लेकिन अन्य सुविधाओं की दरकार है। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर अस्थायी शेल्टर होम को भी प्रबंध की जरूरत है। निकायों के द्वारा अलाव जलवाने के लिए पिछले साल के चिह्नित स्थान के अलावा अन्य स्थानों को करने तो कहीं लकड़ी मंगाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।
