कोहरे की चादर में लिपटी रामनगरी: बसों के संचालन पर सख्ती, सुबह रेंगते नजर आये वाहन 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी में सर्दी व कोहरे के चलते अयोध्या डिपो की रात्रिकालीन सेवा देने वाली 10 बसों के संचालन को स्थगित कर दिया गया है। इनमें से ज्यादा बसें दिल्ली, कानुपर, गोरखपुर-देवरिया आदि लंबे मार्गों पर चलने वाली बसें हैं। यही नहीं, बुधवार सुबह कोहरे के चलते बसों का संचालन 10 बजे के बाद ही शुरू किया गया। इससे लखनऊ, गोंडा, बस्ती, आजमगढ़, प्रयागराज समेत अन्य मार्ग पर चलने वाली करीब 100 बसों के संचालन पर असर पड़ा। अयोध्या डिपो के एआरएम आदित्य प्रकाश ने बताया कि सुरक्षित यातायात के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, रेल यातायात भी कोहरे से प्रभावित हो रहा है, बुधवार को अयोध्या एक्सप्रेस, किसान, सियालदह, दून, साबरमती, मरूधर, कैफियात समेत कुछ अन्य ट्रेनें अपने निर्धारित समय से दो से तीन घंटे लेट पहुंची।

रास्ते में कोहरा पड़ने पर बस को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने के निर्देश

-परिवहन निगम के अयोध्या परिक्षेत्र के आरएम विमल राजन ने बताया कि परिक्षेत्र के सभी एआरएम को निर्देश दिए गए हैं कि घना कोहरा होने पर बसों का संचालन न किया जाए। साथ ही चालकों को निर्देश दिए गए हैं कि रास्ते में घना कोहरा मिलने पर बसों को सड़क किनारे ढाबा या अन्य सुरक्षित स्थानों पर खड़ा कर दिया जाए। दृष्टता बढ़ने पर ही आगे जाएं।

16 डिग्री दर्ज हुआ अधिकतम तापमान, बढ़ी ठंड

जिले का बुधवार को अधिकतम तापमान मात्र 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में महज पांच डिग्री का फर्क रहा। जिससे दिन भर लोग ठंड से कांपते नजर आए। जिले को सुबह से घने कोहरे की चादर ने ढक लिया, दृश्यता बेहद कम हो गई। दोपहर बाद ही सूर्य देव के दर्शन हो सके, लेकिन उनकी किरणें भी ठंड को भेदने में नाकाम रहीं। राम जन्मभूमि मंदिर परिसर और सरयू घाट के आसपास भी कोहरे की मोटी परत छाई रही, जिससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हुई। आचार्य नरेंद्र देव कृषि व प्रौद्योगिक विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार आगामी दिनों भी कोहरा छाए रहने की संभावना है, इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।

ये भी पढ़े : 
लोकसभा में आज दिल्ली प्रदूषण संकट पर होगा घमासान, 'जी राम जी' विधेयक को लेकर चर्चा संपन्न, विपक्ष का हंगामा जारी  

संबंधित समाचार