लखनऊ मेट्रो को बड़ा बूस्ट: LDA देगा कास्टिंग यार्ड के लिए 12.5 हेक्टेयर जमीन

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : हरदोई रोड स्थित एलडीए की बसंतकुंज योजना में लखनऊ मेट्रो का ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर का अस्थायी कास्टिंग यार्ड बनेगा। इसके लिए एलडीए 12.5 हेक्टेयर जमीन मेट्रो को देगा। यार्ड के दायरे में आई दुब्बगा मछली मंडी की जमीन आगरा एक्सप्रेस-वे स्थित वरुण विहार योजना में समायोजन की जाएगी।

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शुक्रवार को पारिजात सभागार में मेट्रो के अधिकारियों के साथ परियोजना के लिए दी जाने वाली प्राधिकरण व नजूल भूमि के प्रस्तावों की समीक्षा की। बताया कि बसन्तकुंज योजना के सेक्टर-के में 6 हेक्टेयर और राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण कार्यक्रम के लिए प्रबंध नगर योजना में निर्मित की गयी अस्थायी पार्किंग की 6.5 एकड़ भूमि चिन्हित की गयी है। जोकि, सहमति बनने पर मेट्रो के अस्थायी कास्टिंग यार्ड के लिए हस्तांतरित कर दी जाएगी।

इसके अलावा मेट्रो डिपो के निर्माण के लिए बसन्तकुंज योजना के सेक्टर-ए के दक्षिणी भाग में लगभग 18 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की है। इसमें दुबग्गा मछली मंडी की जमीन भी आ रही है। इसकी एवज में आगरा एक्सप्रेस-वे पर प्रस्तावित वरुण विहार योजना में मछली मंडी के लिए उतनी ही जमीन दी जाएगी। बैठक में अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, मुख्य नगर नियोजक केके गौतम, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा समेत प्राधिकरण व मेट्रो के अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।

जल्द जगहों का सर्वे करके हस्तांतरित करें जमीन

उपाध्यक्ष से मेट्रो के अधिकारियों ने चौक, चारबाग, गौतम बुद्ध मार्ग समेत कुछ अन्य स्थानों पर भी भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि जल्द प्रस्तावित जगहों का सर्वे करके भूमि हस्तांतरित करने की एनओसी जारी कर दी जाए। इसके अलावा जो प्रस्ताव नगर निगम के स्वामित्व वाली भूमि से सम्बंधित हैं, उनके रिकॉर्ड एक सप्ताह के अंदर उपलब्ध करा दिये जाएं।

संबंधित समाचार