UP: जमीन न बेच सके इसलिए काट डाले ससुर के दोनों अंगूठे...दोस्त के साथ मिलकर बहू ने किया था हमला

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कुंवरगांव, अमृत विचार। एक महिला ने जमीन हड़पने के चक्कर में ससुर पर सोते समय हमला किया। सिर पर प्रहार करने के साथ ससुर के दोनों अंगूठे काट दिए। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार करके गुरुवार को जेल भेज दिया।

मामला कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव इमलिया का है। मंगलवार रात 72 साल के महताब पुत्र तोताराम अपने घर में चारपाई पर सो रहे थे। रात में उनकी पुत्रवधु जयंती ने पत्थर से सिर फोड़ दिया। धारदार हथियार से हाथों के अंगूठे काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल की बहन नेकसो की तहरीर पर पुलिस ने जयंती और उसके मित्र रोहित सागर उर्फ बुधिया पुत्र महीपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। गुरुवार को उपनिरीक्षक सुकेंद्र सिंह, सिपाही दामिनी ने आरोपी जयंती को गंगा एक्सप्रेस वे के पास से गिरफ्तार कर लिया। 

बताया जा रहा है कि महताब का एक बेटा लालाराम है। जो मानसिक मंदित है। महताब की गांव में पांच बीघा जमीन है। लालाराम की पत्नी जयंती वह जमीन अपने नाम कराना चाहती है। जिसको लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता है। मंगलवार रात उसने योजना बनाई। ससुर जमीन बेचने के दौरान अंगूठा न लगा पाएं इसलिए उनके दोनों अंगूठे काट दिए। पुलिस ने आरोपी महिला को जेल भेज दिया। फरार उसके मित्र की तलाश में दबिश दी है। थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने बताया कि महिला को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है। फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

संबंधित समाचार