Birthday Special : भावुक किरदार और सधा हुआ अंदाज, अनुपम खेर ने अपनी एक्टिंग से जीता था लोगों का दिल
फिल्म कर्मा की सफलता के बाद बतौर खलनायक अनुपम खेर अपनी पहचान बनाने में सफल रहे। अपने अभिनय मे आई एकरूपता को बदलने और स्वंय को चरित्र अभिनेता के रूप में भी स्थापित करने के लिए अनुपम खेर ने अपनी भूमिकाओं में परिवर्तन किया।
इस क्रम में वर्ष 1989 मे प्रदर्शित सुभाष घई की सुपरहिट फिल्म 'राम लखन' में उन्होनें फिल्म अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के पिता की भूमिका निभाई। फिल्म में उनके दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
वर्ष 1989 में अनुपम खेर के सिने करियर की एक और अहम फिल्म 'डैडी' प्रदर्शित हुई। फिल्म में अपने भावुक किरदार को उन्होंने सधे हुए अंदाज में निभाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अपने दमदार अभिनय के लिए वह फिल्म फेयर समीक्षक पुरस्कार और राष्ट्रीय पुरस्कार के स्पेशल ज्यूरी पुरस्कार से सम्मानित किए गए।
वर्ष 2003 में प्रदर्शित फिल्म 'ओम जय जगदीश' के जरिए अनुपम खेर ने फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में भी कदम रख दिया। हालांकि, फिल्म टिकट खिड़की पर बुरी तरह से विफल साबित हुई।वर्ष 2005 में अनुपम खेर ने फिल्म 'मैंने गांधी को नहीं मारा' का निर्माण किया।
इस फिल्म में उनके दमदार अभिनय के लिए उन्हें कराची इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने कई हॉलीवुड फिल्मों में भीअपने अभिनय का जौहर दिखाया है। 2000 के दशक में अनुपम ने दर्शकों की पसंद को देखते हुए छोटे पर्दे का भी रुख किया और 'से ना समथिंग टु अनुपम अंकल' और 'सवाल दस करोड़ का' बतौर होस्ट काम कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वर्ष 2007 में अपने मित्र सतीश कौशिक के साथ मिलकर अनुपम ने करोग बाग प्रोडक्शन कंपनी की स्थापना की जिसके बैनर तले 'तेरे संग' का निर्माण किया।
वह अपने सिने कैरियर में आठ बार फिल्म फेयर पुरस्कार से नवाजे जा चुके हैं। फिल्मों में कई भूमिकाएं निभाने के बाद अनुपम नेशनल सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष भी बने। इसके अलावे उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में बतौर निदेशक 2001 से 2004 तक काम किया।
फिल्म क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए अनुपम खेर को पद्मश्री और पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने चार दशक लंबे सिने करियर में 550 फिल्मों में काम किया। वह आज भी जोशोखरोश के साथ फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं।
