शाहजहांपुर: सीएम ने 24 घंटों में शहीदों की प्रतिमाएं लगाने का दिया निर्देश...एई-जेई निलंबित व फर्म हुई ब्लैकलिस्ट

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। शाहजहांपुर में शहीदों की प्रतिमाओं को बुलडोजर से गिराने के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है और 24 घंटे के भीतर पूरे सम्मान के साथ प्रतिमाओं को उसी स्थान पर फिर से स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद नगर निगम के जेई प्रमोद कुमार और एई मनोज कुमार को निलंबित कर दिया गया है, जबकि कार्यदायी फर्म फ्लाई इंफाटेक को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।

यह घटना 22 मार्च की रात गांधी भवन के सामने हुई थी, जहां शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह की प्रतिमाओं को बुलडोजर से गिरा दिया गया था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमा गया और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। इस कार्य की देखरेख जेई प्रमोद कुमार और एई मनोज कुमार कर रहे थे और लखनऊ की फर्म फ्लाई इंफाटेक 40 लाख रुपये के अनुबंध पर काम कर रही थी। 

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई और उसे ब्लैकलिस्ट किया गया। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने इसकी पुष्टि की है। नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि नगर निगम की देखरेख में प्रतिमाओं को स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है और तय समय सीमा के भीतर इसे पूरा कर लिया जाएगा।

 प्रतिमाओं को लगाने के लिए स्टैंड भी तैयार कर लिए गए हैं। प्रतिमाएं गिराए जाने के बाद मंगलवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया था, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार पर निशाना साधा। उधर, दूसरे दिन भी कांग्रेस पदाधिकारियों ने नगर निगम में धरना दिया और मांगें रखीं।

संबंधित समाचार