Uttrakhand: ड्रग माफिया से मिली सांठगांठ, एक वर्दी वाले पर गिरेगी गाज

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। पुलिस ने ड्रग माफिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और रडार पर सिर्फ ड्रग माफिया नहीं बल्कि वो पुलिस वाले भी हैं, जो इन्हें संरक्षण देते हैं। नैनीताल जिले में ऐसे ही एक पुलिस वाले पर कार्रवाई की तैयारी हो चुकी है। पुलिस मुख्यालय ने इस पुलिस कर्मी पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सिर्फ नैनीताल ही नहीं देहरादून और हरिद्वार में भी ऐसे पुलिस वाले महकमे के रडार पर आ चुके हैं। जबकि उन सभी विवेचकों की समीक्षा चालू है, जिनके पास एनडीपीएस से जुड़े मामलों की जांच है और जांच लंबे समय से लंबित है।

एडीजी एलओ डॉ.वी. मुरूगेशन ने हाल ही में ड्रग माफिया की कमर तोड़ने के लिए प्रदेश स्तर पर बैठक की थी। निर्देश दिए थे कि नशा तस्करी के मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा मिलीभगत पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। कहा था, जिन मामलों में मादक पदार्थ की परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद भी विवेचना लंबित है, उनकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। ऐसे लंबित मामलों की जांच को एक माह के भीतर पूरी करने मोहलत दी गई है।

इस बैठक में जब एनडीपीएस में चल रही जांच की समीक्षा की गई तो हरिद्वार जिले के 2 मामलों और देहरादून व नैनीताल जिले के 1-1 मामले में लापरवाही सामने आई। जिसके बाद विवेचकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने बताया कि एनडीपीएस के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति है। न सिर्फ ड्रग माफिया के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, बल्कि लापरवाही या मिलीभगत पाए जाने पर उन विवेचकों पर भी कार्रवाई की जाएगी जो एनडीपीएस मामलों की जांच कर रहे हैं।

नशा बेचकर खरीदी कार और बाइक, पुलिस ने की कुर्क
पुलिस मुख्यालय की सख्ती के बाद जिला पुलिस ने भी ड्रग माफिया के खिलाफ सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इस मामले में पुलिस ने पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए मुक्तेश्वर के ड्रग माफिया की अवैध संपत्ति को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई की शुरुआत है। बताया जा रहा है कि जिले का एक और ड्रग माफिया की पुलिस की रडार पर आ चुका है और जल्द ही इसकी संपत्ति भी कुर्क की जाएगी।

हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने जिस ड्रग माफिया पर कार्रवाई की है, वो ग्राम कुकना थाना मुक्तेश्वर का रहने वाला नारायण दत्त परगाई पुत्र श्री स्व. हर किशन परगाई है। पिछले वर्ष 24 अक्टूबर को हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने एएनटीएफ के साथ मिलकर गिरफ्तार किया था। नारायण के पास से पुलिस ने 2.020 किग्रा चरस बरामद की थी। तब उसने पुलिस को बताया था कि बरामद चरस वह चम्पावत के देवीधुरा में रहने वाले एक व्यक्ति से 60 हजार रुपए में खरीद कर लाया था।

पुलिस मुख्यालय से निर्देश के बाद पुलिस ने आरोपी की संपत्ति खंगालनी शुरू की तो पता लगा कि नारायण के पास एक कार और दो मोटर साइकिल है। पुलिस ने जब इन वाहनों के खरीदने के श्रोत के बारे में पूछा तो नारायण ठोस जवाब नहीं सका। पुलिस ने इन संपत्तियों को अवैध मानते हुए रिपोर्ट सफेमा दिल्ली भेजी। सफेमा से फ्रीजिंग के आदेश मिलते ही जिला पुलिस ने 24 मार्च 2026 को नारायण की कार को जब्त कर लिया। एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

संबंधित समाचार