कॉमर्शियल सिलेंडर ने बढ़ाई शादी वाले घरों की टेंशन, आवेदन के बाद भी गैस एजेंसी से नहीं आ रहा फोन  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : कामर्शियल सिलेंडर की किल्लत ने विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों के प्रीति भोजन का मेन्यू घटा दिया है। जिन लोगों ने 10 से 15 आइटम का मेन्यू बनवाया था, अब वह चार से आठ तक आइटम कम करवा रहे हैं। ज्यादातर लोग फास्ट फूट और मिठाई के आइटम कम करवा रहे हैं। जिन कैटर्स ने आइटम बनाने के लिए कारीगरों को एटवांस दे रखा है उनको नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालांकि कुछ लोग और कैटर्स लकड़ी, कोयले और डीजल से चलने वाली भटि्ठयों की व्यवस्था कर ली है।

सहालग के लिए कामर्शियल सिलेंडर की मांग के लिए एडीएम आपूर्ति और डीएसओ कार्यालय के बाहर भीड़ लग रही है। जिलापूर्ति कार्यालय में प्रतिदिन 100-150 आवेदन आ रहे हैं। विभागीय अधिकारी आवेदन पत्र लेकर लोगों को गैस एजेंसी से फोन आने का आश्वासन दे रहे हैं। फोन आने पर लोग एजेंसी जा रहे हैं तो वहां 7-10 दिन का समय दिया जा रहा है। 

लोगों ने बताया कि 10 सिलेंडर की जरूरत का आवेदन करने पर पांच सिलेंडर ही स्वीकृत किए जा रहे हैं। सिक्योरिटी राशि जमा करके सिलेंडर दिया जा रहा है। जिनके यहां शादी की तारीख करीब है, वह लोग ज्यादा परेशान हैं। ऐसे लोगों का कहना है कि सिलेंडर नहीं मिला तो शादी कैसे हो पाएगी। ये लोग एडीएम आपूर्ति और डीएसओ कार्यालय के रोज चक्कर लगा रहे हैं।

सिक्योरिटी जमा करके लेना होगा अस्थायी कनेक्शन

नाम न छापने की शर्त पर जिलापूर्ति कार्यालय पहुंचे एक आवेदक का कहना है कि उन्होंने 10 कॉमर्शियल सिलेंडर के लिए आवेदन दिया था। गैस एजेंसी पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि 5 सिलेंडर ही मिल पाएंगे। यहा भी बताया गया कि सिलेंडर लेने के लिए सिक्योरिटी जमा करके अस्थायी कनेक्शन लेना पड़ेगा। बाद में सिक्योरिटी वापस हो जाएगी।

सिलेंडर के लिए आवेदन करने जिलापूर्ति कार्यालय पहुंचे आवेदकों से बातचीत

- झब्बूलाल के यहां 28 अप्रैल को शादी है। उन्होंने 15 घरेलू गैस सिलेंडर के लिए आवेदन किया है। उन्हें बताया गया कि 2-3 दिन पहले आपको फोन करके बता दिया जाएगा कि कहां सिक्योरिटी जमा करके सिलेंडर ले सकते हैं।

- जेएस मेहरा के यहां 22 अप्रैल को शादी है। उन्होंने 10 कॉर्शियल सिलेंडर के लिए आवेदन किया है।
- रमापति मिश्रा के यहां 20 और 30 अप्रैल को शादियां हैं। एक हफ्ते पहले इन्होंने आवेदन किया था लेकिन उनके पास गैस एजेंसी से कोई फोन नहीं आया। इसलिए गुरुवार को फिर डीएसओ कार्यालय पहुंचे थे।

- आनन्द यादव के यहां 30 अप्रैल को शादी है। उन्होंने 10 कॉमर्शियल सिलेंडर के लिए आवेदन किया है लेकिन उन्हें 6 सिलेंडर दिये जाने का आश्वासन मिला है। सिलेंडर कब तक मिलेंगे यह नहीं बताया गया है।

सहालग के लिए शादी वाले घरों में कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए संगठन के पदाधिकारियों की अधिकारियों से मुलाकात हुई थी। जिसमें शादी का कार्ड लगाकर कैटरर्स को आवश्यकतानुसार कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था लेकिन मांग के अनुसार सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। इससे कैटरर्स को नुकसान उठाना पड़ रहा है।-संतोष गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष

उत्तर प्रदेश आदर्श टेंट कैटरिंग एवं डेकोरेशन व्यापार मंडल लखनऊ

ये भी पढ़ें : 
धार्मिक पर्यटन के लिए करोड़ों की परियोजनाएं स्वीकृत: नैमिषारण्य-दधीचि तीर्थ के साथ औरैया-अमरोहा में मिलेगी पर्यटन को रफ्तार

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार