UP:नहर की झाल में उतराता मिला मादा तेंदुआ का शव, मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पीलीभीत/बरखेड़ा। जनपद में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर किए जाने वाले दावों पर एक बार फिर सवालिया निशान लगा। बुधवार सुबह बरखेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत बीसलपुर ब्रांच नहर की झाल में एक मादा तेंदुआ का शव उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तमाम ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना पर टीम के साथ मौके पर पहुंचे डिप्टी रेंजर ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। तीन सदस्यीय पैनल द्वारा तेंदुआ का शव का पोस्टमार्टम किया गया। मगर, पोस्टमार्टम के बाद भी तेंदुआ की मौत की वजह पता नहीं चल सकी।

घटना पीलीभीत रेंज के अंतर्गत बरखेड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह की है। गांव जार कल्लिया से नरायनठेर जाने वाले मार्ग पर बीसलपुर ब्रांच नहर की पुलिया के पास ग्रामीणों ने पानी में एक भारी-भरकम शव तैरते देखा। इस पर ग्रामीणों ने नजदीक जाकर देखा तो वह तेंदुआ का शव निकला। तेंदुआ का शव मिलने की जानकारी आसपास गांवों तक जा पहुंचे। देखते ही देखते कुछ देर में ही घटना स्थल के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जमा होने लगी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही सामाजिक वानिकी रेंज पीलीभीत के डिप्टी रेंजर शेर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। इसके बाद वन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुआ के शव को नहर के पानी से बाहर निकलवाया। तेंदुआ काफी समय से पानी में होने के कारण फूला हुआ प्रतीत हो रहा था। टीम शव को लेकर जिला मुख्यालय ले आई।

पोस्टमार्टम में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तीन सदस्यीय पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा तेंदुआ के शव का पोस्टमार्टम किया गया। पैनल में पीलीभीत टाइगर रिजर्व के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दक्ष गंगवार के अलावा दो अन्य पशु चिकित्सक शामिल रहे। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद भी तेंदुआ की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। सामाजिक वानिकी प्रशासन की ओर से बिसरा सैंपल आईवीआरआई बरेली भेजा गया है। जहां विशेषज्ञों द्वारा सैंपल की जांच की जाएगी। संभवता जांच के बाद मौत की वजह पता चल सकेगी। वन अफसरों द्वारा मादा तेंदुआ की उम्र करीब 19 माह बताई गई है।

सामाजिक वानिकी प्रभाग डीएफओ भरत कुमार डीके ने बताया कि बीसलपुर रेंज के अंतर्गत तेंदुआ का शव मिला है। तीन सदस्यीय पैनल द्वारा तेंदुआ के शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम में तेंदुआ की मौत का कारण पता नहीं चल सका है। बिसरा सैंपल जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेजा गया है। सैंपल जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।   

संबंधित समाचार