बेंगलुरु पर जीत के बाद भी 10वें स्थान पर एलएसजी, प्रिंस बोले- टीम की जीत सबसे अहम
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पर शानदार जीत दर्ज कर आईपीएल प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। इस जीत से टीम को नई ऊर्जा मिली है, लेकिन अंक तालिका में स्थिति अब भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। एलएसजी फिलहाल 10वें स्थान पर है और खराब नेट रन-रेट उसके लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है।
प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए लखनऊ को अब अपने बाकी चारों मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे। साथ ही टीम को बड़े अंतर से जीत दर्ज कर नेट रन-रेट भी सुधारना होगा। एलएसजी की राह इसलिए और कठिन मानी जा रही है क्योंकि अब उसे अपने प्रदर्शन के साथ दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
आरसीबी के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाने वाले युवा गेंदबाज प्रिंस ने कहा कि व्यक्तिगत प्रदर्शन से ज्यादा महत्वपूर्ण टीम की जीत होती है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विराट कोहली, गेंदबाजी कोच भरत अरुण और मोहम्मद शमी को दिया। प्रिंस ने बताया कि शमी के सुझाव और मार्गदर्शन से उनका आत्मविश्वास बढ़ा। वहीं विराट कोहली ने भी पिछली हार के बाद उन्हें अपनी लेंथ पर भरोसा बनाए रखने की सलाह दी थी, जिसका उन्हें फायदा मिला।
