Bareilly:समर सीजन में वेटिंग बनी आफत...स्पेशल ट्रेनों में तलाश रहे कन्फर्म टिकट की राहत
बरेली, अमृत विचार। गर्मी की छुट्टियां शुरू होने से पहले ही ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। स्कूलों में 20 मई से अवकाश शुरू होने के चलते परिवार समेत घूमने जाने वालों ने पहले से टिकट बुक करा लिए हैं। इसके कारण जंक्शन से गुजरने वाली अधिकांश लंबी दूरी की ट्रेनों में कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो गया है। खासकर जम्मू, उत्तराखंड, गोवा और राजस्थान जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग 100 से 150 तक पहुंच गई है।
वैष्णो देवी, जम्मूतवी, ऋषिकेश, हरिद्वार, देहरादून, मसूरी, शिमला और गोवा जाने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अमरनाथ एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस और योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में जून तक लंबी वेटिंग चल रही है। मुंबई, गुवाहाटी और दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों का भी यही हाल है। आरक्षण केंद्रों पर सुबह से लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि तत्काल टिकट में भी सीट मिलने की उम्मीद कम है। टिकट कंफर्म न होने से कई यात्रियों को बस या निजी वाहन से सफर की तैयारी करनी पड़ रही है।
बरेली को मिली नई स्पेशल ट्रेन, चंडीगढ़ तक सफर होगा आसान
ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए रेलवे ने वाराणसी-चंडीगढ़-वाराणसी आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन बरेली होकर गुजरेगी। ट्रेन संख्या 04227 वाराणसी से 14 मई से 12 जुलाई तक हर गुरुवार और रविवार को चलेगी। जबकि 04228 चंडीगढ़ से 15 मई से 13 जुलाई तक शुक्रवार और सोमवार को संचालित होगी। कुल 18 फेरों के लिए चलाई जा रही इस स्पेशल ट्रेन में ऐसी कोच लगाए जाएंगे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक महेश यादव ने बताया कि वाराणसी से चलने वाली स्पेशल ट्रेन संख्या 04227 बरेली स्टेशन पर रात 9:15 बजे पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 9:17 बजे चंडीगढ़ के लिए रवाना होगी। ट्रेन का ठहराव लखनऊ, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, रुड़की, सहारनपुर और अंबाला कैंट सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। बरेली मंडल के यात्रियों को इससे रिजर्व सीटों की उपलब्धता बढ़ने और लंबी वेटिंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
