प्रयागराज : आईटीआई छात्र की हत्या का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में आईटीआई छात्र की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी ने 10 मई को छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद छात्र का शव गांव पहुंचने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में लोग आरोपी साहिल यादव के घर की ओर बढ़ने लगे। स्थिति को देखते हुए इंस्पेक्टर होलागढ़ ने लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ काफी देर तक आक्रोशित रही। इसी बीच सोमवार देर रात पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। पुलिस आयुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपी के होलागढ़ क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भागने और पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है। फिलहाल उससे देर रात तक पूछताछ की जाती रही है।

प्रतापगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में शातिर गिरफ्तार

प्रतापगढ़ : उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले की थाना सांगीपुर पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ के बाद एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि थाना लीलापुर के एक मुकदमे में वांछित तथा करीब एक दर्जन आपराधिक मामलों में संलिप्त अभियुक्त राम आधार तिवारी निवासी ग्राम लेहरा थाना सोरांव जनपद प्रयागराज को बीती देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगीपुर भेजा गया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध असलहा, कारतूस, मोटरसाइकिल तथा नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान लालगंज की ओर से हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया।

पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर वह मोटरसाइकिल तेज गति से भगाकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तथा अन्य पुलिस टीमों को घेराबंदी के लिए सूचना दी गई। घेराबंदी के दौरान रोकने का प्रयास किए जाने पर अभियुक्त मोटरसाइकिल से गिर गया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त घायल हो गया और उसे धर दबोचा गया।

संबंधित समाचार