लेखपाल भर्ती: नहीं मिली बर्थ तो किया शौचालय में सफर...ट्रेन के स्लीपर कोचों में भी घुसे अभ्यर्थी
बरेली, अमृत विचार। समर सीजन शुरू हो चुका है, लिहाजा सफर पर निकलते वक्त कन्फर्म टिकट हाथ में रखें नहीं तो सीट और बर्थ पाने के लिए आपको जद्दोजहद करनी पड़ सकती है। वहीं गुरुवार को लेखपाल भर्ती के चलते जंक्शन पर ट्रेनें ठसाठस भरी नजर आईं। जननायक एक्सप्रेस दोपहर को प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची तो अभ्यर्थी सीट पाने के लिए मशक्कत करते नजर आए। आलम ये था कि काफी तादाद में अभ्यर्थियों को शौचालय में सफर करना पड़ा।
37 केंद्रों पर आयोजित हुई परीक्षा
दरअसल गुरुवार को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ की तरफ से लेखपाल भती परीक्षा का आयोजन किया गया था। बरेली के 37 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 19,968 अभ्यर्थियों की परीक्षा थी। लिहाजा रेलवे की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजामात किए गए थे। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा थी। परीक्षा छूटने के बाद जंक्शन पर हर तरफ सिर्फ अभ्यर्थियों का जमावड़ा नजर आया।
ट्रेन में सवार होने को टूटे अभ्यर्थी
ट्रेन संख्या 15211 दोपहर करीब 01 बजकर 37 मिनट पर बरेली जंक्शन पहुंची तो अभ्यर्थी ट्रेन में सवार होने के लिए टूट पड़े। काफी संख्या में अभ्यर्थी बिना आरक्षण ही स्लीपर कोचों में घुस गए। जिनको जनरल कोचों में जगह नहीं मिली उन्होंने जनरल कोचों के शौचालय में बैठकर ही सफर करना शुरू कर दिया।
