तुषार त्यागी हत्या : 40 बीघा जमीन के लिए पिता ने ली बेटे की जान, मेरठ में हुआ खौफनाक कांड

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

पिता ने खाना लाने के बहाने बुलाकर दी वारदात को अंजाम

तुषार ने अपनी पत्नी शिखा को व्हाट्सएप कॉल कर बताया कि कुछ लोग उसे जंगल की ओर ले जा रहे हैं और उसकी जान को खतरा है। इसके बाद उसके दोनों मोबाइल फोन बंद हो गए।

मेरठ। मेरठ की एक सुनसान सड़क पर खड़ी स्कॉर्पियो में खून से लथपथ पड़ा एक युवा का शव केवल हत्या की कहानी नहीं कह रहा था, बल्कि उस दर्दनाक सच को भी उजागर कर रहा था जिसमें जमीन के एक टुकड़े ने रिश्तों का खून कर दिया। हापुड़ के दोयमी गांव निवासी 25 वर्षीय तुषार त्यागी की हत्या किसी दुश्मन ने नहीं बल्कि उसके अपने पिता सुंदर त्यागी ने कराई। 

पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था

पुलिस जांच में सामने आया कि 40 बीघा पैतृक जमीन को लेकर पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। तुषार उस जमीन को बेचकर कारोबार शुरू करना चाहता था जबकि उसका पिता इसका कड़ा विरोध कर रहा था। सोमवार रात तुषार को एक बहाने से बुलाया गया। बताया गया कि किसी को भूख लगी है और वह खाना लेकर पहुंच जाए। अपनेपन के इस संदेश पर भरोसा कर तुषार घर से निकल पड़ा लेकिन उसे क्या पता था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

हाईवे पर पुल के नीचे स्कॉर्पियो में खून से लथपथ मिला था तुषार

रात करीब नौ बजे तुषार ने अपनी पत्नी शिखा को व्हाट्सएप कॉल कर बताया कि कुछ लोग उसे जंगल की ओर ले जा रहे हैं और उसकी जान को खतरा है। इसके बाद उसके दोनों मोबाइल फोन बंद हो गए। परिवार पूरी रात उसकी तलाश करता रहा। कुछ घंटों बाद मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर पांची गांव के पास पुल के नीचे खड़ी उसकी स्कॉर्पियो मिली। कार के भीतर तुषार खून से लथपथ पड़ा था। सिर और गर्दन में लगी गोलियों ने उसकी जिंदगी छीन ली थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  शुरुआत में शक कुछ अन्य लोगों पर गया लेकिन सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों ने कहानी का दूसरा ही चेहरा सामने ला दिया।

पिता समेत दो गिऱफ्तार

पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि हत्या की पूरी साजिश तुषार के पिता सुंदर त्यागी और उसके देहरादून निवासी साथी अमित ने रची थी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस अधीक्षक (देहात) अभिजीत सिंह ने बुधवार को बताया कि सुंदर त्यागी हापुड़ देहात थाने का हिस्ट्रीशीटर है और परिवार से अलग रह रहा था। जमीन के विवाद ने उसके और बेटे के रिश्ते को इतना विषाक्त बना दिया कि उसने अपने ही खून को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की सभी कड़ियों को जोड़ रही है। प्रारंभिक जांच में जिन अन्य लोगों के नाम सामने आए थे उनकी भूमिका की भी पड़ताल जारी है। 

संबंधित समाचार