Agra Crime News: 25 साल बाद AI की मदद से पकड़ा गया 50 हजार का इनामी बदमाश, दिल्ली में कटे एक चालान ने खोला 'शूटिंग कोच' का सारा राज!

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

आगरा: उत्तर प्रदेश की आगरा पुलिस ने आधुनिक तकनीक (Artificial Intelligence) का इस्तेमाल करके एक ऐसे शातिर अपराधी को दबोचने में कामयाबी हासिल की है, जो पिछले 25 साल से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। अपहरण और सनसनीखेज लूट के मामलों में नामजद 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश सैमुअल को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। शातिर अपराधी अपनी पहचान बदलकर दिल्ली में 'शूटिंग कोच' बनकर रह रहा था, लेकिन दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक कार चालान ने उसके सारे खेल का पर्दाफाश कर दिया।

जब 25 साल पुरानी तस्वीर को AI ने बदला आज के चेहरे में

वेस्ट अर्जुन नगर के रहने वाले सैमुअल पर साल 2001 में एक युवती के अपहरण और 2002 में हथियारों के बल पर 1.75 लाख रुपये की लूट का मामला दर्ज था। पुलिस के पास आरोपी की सिर्फ 25 साल पुरानी धुंधली तस्वीर थी।

डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के निर्देश पर पुलिस ने एआई (AI) तकनीक का सहारा लिया और सैमुअल का एक डिजिटल स्केच तैयार कराया कि वह आज की तारीख में कैसा दिखता होगा। इस एआई जनरेटेड फोटो को देश भर के डेटाबेस से मिलाया गया। इसी दौरान दिल्ली में हुए एक कार चालान की तस्वीर से इस एआई फोटो का हूबहू मिलान हो गया।

नाम बदला, पहचान बदली... पर एक गलती से फंस गया 'सहदेव यादव'

सैमुअल ने पुलिस से बचने के लिए 'सहदेव यादव' और 'अमित मिश्रा' जैसे फर्जी नाम रख लिए थे। चालान वाली कार पूनम नाम की महिला के नाम पर रजिस्टर्ड थी। पुलिस को तब शक हुआ जब उन्हें याद आया कि 2001 में आगरा में जिस युवती के अपहरण का केस दर्ज हुआ था, उसका नाम भी पूनम था।

अपराधी की चालाकी और सावधानी

आपको बता दें कि उसने अपने सारे पुराने डॉक्यूमेंट्स नष्ट कर दिए थे और कभी कोई नया असली दस्तावेज नहीं बनवाया। वह कभी किसी शादी-पार्टी में फोटो नहीं खिंचवाता था और न ही सोशल मीडिया पर सक्रिय था। आरोपी लगातार गाड़ियां बदलता था और अक्सर खुद कार ड्राइव करने से बचता था।

खुद बना शूटिंग कोच, अपहृत युवती से ही कर ली थी शादी

जांच में सामने आया कि आगरा से भागने के बाद सैमुअल ने अपनी सारी संपत्ति चोरी-छिपे बेच दी थी। उसने पिस्टल चलाने की ट्रेनिंग ली और बकायदा कोर्स करके एक प्रोफेशनल शूटिंग कोच बन गया। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस पूनम नाम की युवती के अपहरण के मामले में वह आरोपी था, बाद में उसने उसी से शादी कर ली थी। उसकी पत्नी भी वर्तमान में एक ताइक्वांडो और कराटे कोच के रूप में काम कर रही थी।

6 महीने की रेकी और 'ऑपरेशन नागलोई' सफल

आगरा के नाई की मंडी थाना प्रभारी रोहित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिल्ली में जाल बिछाया। करीब 6 महीने तक दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में भेष बदलकर रेकी करने के बाद, सोमवार को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी सैमुअल को दिल्ली के नांगलोई (प्रेमनगर) इलाके से धर दबोचा। इसी लूटकांड में सैमुअल के दो अन्य साथियों को अदालत से पहले ही सजा मिल चुकी है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Barabanki News : नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को डीएम ने दिलाई शपथ, कहा- आपदा प्रबंधन में निभाएंगे अहम भूमिका
चित्रकूट हत्याकांड: मासूम अंकुल का शव पहुंचते ही गांव में मातम और आक्रोश, मांगें पूरी होने तक परिजनों का अंतिम संस्कार करने से इंकार
Sant Kabir Nagar Crime News : संतकबीरनगर पुलिस ने 3 शातिर बदमाशों को दबोचा, तमंचा-मोबाइल और बाइक बरामद
Azamgarh ATS New Unit: आजमगढ़ में बनेगी एटीएस की नई यूनिट, पूर्वांचल में संदिग्ध और आतंकी गतिविधियों पर निगरानी
बूंद-बूंद पानी को तरसते पहाड़ी वासी, चित्रकूट में खाली बाल्टी- डिब्बे के साथ ग्रामीणों ने किया धरना, लोग बोले, पानी दो-पानी