Bareilly News: बरेली में बसेंगी दो नई टाउनशिप, बीडीए ने 445 करोड़ से खरीदी 88 हेक्टेयर जमीन
बाईपास व पीलीभीत हाईवे के पास बनेगी आवासीय टाउनशिप
बीडीए ने दो नई टाउनशिप परियोजनाओं पर काम तेज कर दिया है। दोनों परियोजनाओं के लिए 445.27 करोड़ से 88 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है, जबकि बाकी जमीनों के अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। दिल्ली रोड पर सरदार पटेल एंप्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन बनेगा।
बरेली, अमृत विचार। बीडीए ने दो नई टाउनशिप परियोजनाओं पर काम तेज कर दिया है। दोनों परियोजनाओं के लिए 445.27 करोड़ से 88 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है, जबकि बाकी जमीनों के अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। दिल्ली रोड पर सरदार पटेल एंप्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन बनेगा।
नौ गांवों की जमीन पर बसेंगी टाउनशिप
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए मनिकंडन के मुताबिक दिल्ली-लखनऊ बाईपास और बरेली-पीलीभीत हाईवे से सटे नौ गांवों की 267.19 हेक्टेयर भूमि पर नई आवासीय टाउनशिप बनेगी। इस आवासीय योजना में 45 व 30 मीटर चौड़ी जोनल सड़कें, 18 मीटर की आंतरिक सड़कें, 132 केवी का सब-स्टेशन, एम्यूजमेंट पार्क और कम्युनिटी सेंटर जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
दिल्ली रोड पर 126.30 हेक्टेयर में विकास
वहीं, दिल्ली रोड किनारे 126.30 हेक्टेयर में ''सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन'''' (औद्योगिक टाउनशिप) का खाका खींचा गया है। इसके लिए बीडीए 20.91 करोड़ खर्च कर 10 हेक्टेयर जमीन ले चुका है। इस औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्रियों को चलाने के लिए जमीन के ऊपर तारों का जंजाल नहीं बल्कि अंडरग्राउंड बिजली नेटवर्क होगा। गैस पाइपलाइन, ई-चार्जिंग स्टेशन, सीवरेज प्लांट, फायर स्टेशन जैसी सुविधाएं एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी।
सरकारी जमीन का पुनर्ग्रहण और निवेश की उम्मीद
बीडीए उपाध्यक्ष के अनुसार इन दोनों परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए बीडीए करीब 38 हेक्टेयर ग्राम समाज और शासकीय भूमि के पुनर्ग्रहण की कार्यवाही तेजी से कर रहा है। दावा है कि इन दोनों टाउनशिप के पूरी तरह धरातल पर उतरने के बाद बरेली में न सिर्फ नियोजित शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी, बल्कि भारी निवेश आने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और व्यापार के ढेरों नए अवसर पैदा होंगे।
