Ayodhya News : कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति ने संभाला पदभार, कहा- कृषि विज्ञान केंद्रों को मजबूत करने की जरूरत
कुमारगंज (अयोध्या), अमृत विचार। कृषि विज्ञान केंद्रों की समस्याओं को दूर कर उन्हें और मजबूत करने की जरूरत है। क्योंकि इन केंद्रों के द्वारा ही नवाचार को किसानों तक पहुंचाया जा सकता है। किसानों तक अगर सही जानकारी नहीं पहुंचती है तो हम अपने उद्देश्यों में विफल माने जाएंगे।
किसानों के हित में कार्य करने की जरूरत है। ये बातें गुरुवार को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं। वे पदभार ग्रहण करने के बाद समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, वैज्ञानिक एवं शिक्षकों के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श कर दिशा-निर्देश दिए। कुलपति ने कहा कि इस विश्वविद्यालय को मजबूती देने में पूर्व के कुलपति व वैज्ञानिकों को सराहनीय योगदान रहा है। इसे हम सभी को मिलकर आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने शिक्षा, शोध एवं प्रसार को यथाशीघ्र सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि शोध और शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए और कार्य करने की जरूरत है। शोध को बढ़ावा देने के लिए विवि में प्रोजेक्ट लाने होंगे।
कुलपति ने ऑनलाइन क्लास के मॉनीटरिंग के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना होगा। जिससे कि एक स्थान से बैठे-बैठे क्लासों की मॉनीटिरिंग की जा सके। उन्होंने लैब छात्रावास, आकस्मिक अवकाश, उपार्जित अवकाश, बायोमेट्रिक हाजिरी सहित अन्य ऑफिस के कार्यों को डिजिटल रूप में संचालित करने की बात कही।
इससे पूर्व उन्होंने नरेंद्र उद्यान स्थित आचार्य नरेंद्र देव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया साथ ही चंदन का पौधे लगाए। विवि के समस्त शिक्षकों, वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर कुलपति का स्वागत किया। कुलपति ने कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विवि में रिक्त पड़े पदों को भरने व प्रसार निदेशालय में बंद पड़े कृषि तकनीकि सूचना केंद्र को शीघ्र व्यवस्थित करने का कार्य किया जाएगा। जिससे कि किसानों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
