UP Police Constable Exam 2026 : परीक्षा के पहले दिन 16 लाख प्रवेश पत्र डाउनलोड, सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर एंट्री
यूपी पुलिस सिपाही के 32,679 पदों के लिए करीब 29 लाख अभ्यर्थियों ने किया आवेदन, हर जिले में बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रमोशन बोर्ड ने पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराने का खाका खींच रखा है। परीक्षा केंद्रों पर करीब 30 हजार सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। मतलब, हर परीक्षा केंद्र कैमरे के जरिये सीधे शासन और प्रशासन की नजर में है। एंट्री से पहले प्रवेश पत्र पर चस्पा अभ्यर्थियों के फोटो ऑनलाइन चेक किए जा रहे हैं।
अमृत विचार : उत्तर प्रेदश पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रारंभ हो चुकी है। पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। दूसरी पाली का पेपर का पेपर दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोवस्त हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। शासन स्तर से सीधे केंद्रों की मॉनीटरिंग हो रही है। राजधानी लखनऊ में डीएम से लेकर कमिश्नर तक ने केंद्रों का दौरा किया।
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा तीन दिन, 8, 9 और 10 जून तक चलेगी। करीब 32,679 पदों के लिए 29 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। सोमवार को पहली पाली की परीक्षा तक लगभग 16 लाख प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा चुके हैं।
यूपी के सभी जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए हर केंद्र सीसीटीवी की निगरानी में है। इन केंद्रों पर करीब 30 हजार के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। मजिस्ट्रेट और नोडल अधिकारी लगातार सघन जांच अभियान चला रहे हैं। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रमोशन बोर्ड की टीम ऑनलाइन निगरानी में जुटी है।
अभ्यर्थियों की सघन तलाशी
परीक्षा केंद्र पर पहुंच रहे अभ्यर्थियों की सघन तलाशी लेकर एंट्री दी जा रही है। इस दौरान डिजिटल तरीके से भी उनकी स्कैनिंग हो रही है। प्रवेश पत्र पर लगे फोटो का ऑनलाइन मिलान किया जा रहा है।
अभ्यर्थियों का आधा किराया माफ
योगी आदित्यनाथ सरकार ने यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों को यात्रा में बड़ी राहत दी है। रोडवेज बसों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को 50 फीसदी मतलब आधा किराया माफ कर दिया है। रोडवेज कर्मी अभ्यर्थियों से उनके प्रवेश पत्र की एक फोटो कॉपी ले रहे हैं। हालांकि कुछ जगहों पर अभ्यर्थियों ने बसों में पूरा किराया लिए जाने की बात कही है।
सोशल मीडिया पर पैनी नजर
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर बोर्ड की टीम सोशल मीडिया की कड़ी निगरानी कर रही है। परीक्षा तक 24 घंटे सोशल प्लेटफॉर्म पर नजर रहेगी। परीक्षा की पारदर्शिता और गोपनीयता को लेकर किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।
