नजर हटी और दुर्घटना घटी! हरदोई में स्टांप वेंडर की सीट पर बैठा लड़का और देखते ही देखते उड़ा दिए 3 लाख रुपये
शाहाबाद/हरदोई, अमृत विचार। तहसील मुख्यालय पर कार्यरत स्टांप वेंडर अक्षत मिश्रा का तीन लाख रुपयों से भरा बैग लेकर एक उचक्का फरार हो गया। वह उचक्का कोतवाली के सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
स्टांप बेंडर अक्षत मिश्रा निवासी पठकाना के अनुसार मंगलवार को शाम 6:00 बजे वह अपनी सीट बढ़ा रहे थे। उसी समय उनकी सीट पर आकर एक लड़का बैठ गया और चकमा देकर उनका बैग लेकर फरार हो गया। उस बैग में तीन लाख रूपयों की नगदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अन्य जरूरी कागजात थे।
अक्षत मिश्रा ने बताया की उन्होंने उसका पीछा किया तो वह तहसील के बाहर एक होंडा बाइक पर पहले से बैठे युवक के साथ बैठकर फरार हो गया। दोनों बाइक सवार कोतवाली के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। बुधवार को सुबह से सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पुलिस दोनों युवकों की तलाश कर रही है।
