Bareilly News : तीन और संगठित गिरोह माफिया घोषित, 11 अपराधियों की संपत्ति होगी चिह्नित

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

एसएसपी सख्ती, गोकशी, ड्रग तस्करी और लूटपाट करने वाले गिरोहों पर कार्रवाई

बरेली, अमृत विचार। जिले में संगठित तरीके से गोकशी, मादक पदार्थों की तस्करी और लूटपाट में शामिल तीन अपराधी गिरोहों को एसएसपी अनुराग आर्य ने जनपद स्तरीय माफिया घोषित किया है। तीनों गिरोह में कुल 11 अपराधी शामिल हैं। इन सभी की अवैध संपत्तियों की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएसपी ने साफ किया है कि इन सभी अपराधियों का गैंगस्टर लगाने के साथ ही संपत्ति जब्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी।

थाना फरीदपुर पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर ग्राम मेवासर्फापुर निवासी फातून खां निवासी अपने साथियों के साथ संगठित रूप से गोकशी का गिरोह संचालित करने का आरोपी पाया गया। पुलिस जांच में मोहम्मद शेर खान निवासी मोहनपुर की तरफ से मादक पदार्थों की तस्करी कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे जनपद स्तरीय मादक पदार्थ तस्कर माफिया घोषित किया गया। थाना शाही पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर नन्हू उर्फ नन्हे उर्फ लालता प्रसाद निवासी ग्राम दुनका को साथियों के साथ संगठित रूप से लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने का आरोपी पाया गया। इस गिरोह को भी जनपद स्तरीय अपराध माफिया घोषित किया गया।

तीनों गिरोहों में कुल 11 आरोपी शामिल
पुलिस जांच में सामने आया कि जनपद स्तरीय माफिया घोषित किए गए तीनों गिरोहों में कुल 11 आरोपी शामिल हैं। गोकशी माफिया गिरोह का सरगना फातून खां है। उसके साथ बेचे खां, तैय्यब, याकूब खां, कासिम को सदस्य बनाया गया है। मादक पदार्थों की तस्करी में मोहम्मद शेर खान को माफिया घोषित किया गया। वहीं, अपराध माफिया गिरोह में सरगना नन्हू उर्फ नन्हे उर्फ लालता प्रसाद के साथ गिरीश पाल उर्फ गुड्डू, धर्मेंद्र, चंद्र प्रकाश और राहुल को भी सदस्य के रूप में चिह्नित किया गया।

जिले में संगठित अपराध करने वाले किसी भी गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। गोकशी, मादक पदार्थों की तस्करी, लूटपाट और अन्य संगठित अपराधों में शामिल गिरोहों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अपराधियों की अवैध संपत्तियां भी चिह्नित कराई जाएंगी। -अनुराग आर्य, एसएसपी।

संबंधित समाचार