FIFA World Cup 2026 में बढ़ा बवाल! एमबाप्पे पर भड़की पैराग्वे की सीनेटर, संसद में कहे आपत्तिजनक शब्द

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

फ्रांस की जीत के बाद शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग में बदला, हाथ न मिलाने और कथित नस्लीय टिप्पणी के आरोपों ने बढ़ाया तनाव

डिजिटल डेस्कः FIFA World Cup 2026 में फ्रांस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में किलियन एम्बाप्पे की टीम ने पैराग्वे को 1-0 से हराया। हालांकि मैच खत्म होने के बाद मैदान पर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक स्तर तक पहुंच गया है।

पैराग्वे की सीनेटर सेलेस्टे अमारिला ने संसद में एम्बाप्पे के खिलाफ तीखी टिप्पणी की और उन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मैच के बाद जब पहली बार विश्व कप खेल रहे पैराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने विनम्रता से हाथ मिलाने के लिए हाथ बढ़ाया, तब एम्बाप्पे ने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और ऊंची आवाज में प्रतिक्रिया दी। अपने संबोधन के दौरान अमारिला ने कई आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया, जिनका विवरण सार्वजनिक रूप से साझा नहीं किया जा सकता।

ऑथेंटिक रेडिकल लिबरल पार्टी की सीनेटर अमारिला ने यह भी आरोप लगाया कि एम्बाप्पे की ओर से नस्लीय टिप्पणी की गई। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी एक व्यक्ति के व्यवहार के आधार पर पूरे फ्रांस को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, क्योंकि देश की सांस्कृतिक विरासत काफी समृद्ध है।

इससे पहले अमारिला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एम्बाप्पे से सार्वजनिक माफी की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो एम्बाप्पे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा था कि पैराग्वे के लोगों को कमतर आंकना उचित नहीं होगा।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

राउंड ऑफ 16 मुकाबले के दौरान पैराग्वे के खिलाड़ियों की ओर से कई कड़े टैकल देखने को मिले। आरोप है कि कुछ टैकल इतने खतरनाक थे कि फ्रांस के खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो सकते थे। इसके बावजूद रेफरी ने किसी खिलाड़ी को कार्ड नहीं दिखाया।

मैच समाप्त होने के बाद फ्रांस की जीत के बीच एम्बाप्पे ने कथित तौर पर पैराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। इसी घटना के बाद उन पर नस्लीय टिप्पणी करने के भी आरोप लगे और विवाद तेजी से बढ़ गया।

इससे पहले जब अमारिला की शुरुआती प्रतिक्रिया सामने आई थी, तब एम्बाप्पे ने भी पलटवार करते हुए उन्हें अपने पद के योग्य नहीं बताया था और उन्हें "घृणित महिला" कहा था। अब अमारिला के नए बयान के बाद यह विवाद और गहरा गया है।

यह भी पढ़ेंः IND vs ENG 4th T20 Live Streaming: सीरीज बचाएगा भारत या इंग्लैंड करेगा कब्जा? जानिए कब, कहां और कैसे फ्री में देखें लाइव मुकाबला

संबंधित समाचार