Pratapgarh Road Accident : अयोध्या से लौट रहे भाई-बहन की सड़क हादसे में मौत, दो महीने बाद होनी थी बहन की शादी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रतापगढ़ में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर देर रात हादसा, कार के उड़े परखच्चे; चालक गंभीर घायल

प्रतापगढ़। अयोध्या से दर्शन-पूजन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार बुधवार देर रात प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़ी लकड़ी से लदी पिकअप से तेज रफ्तार वैगनआर टकरा गई। हादसे में भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, हादसा रानीगंज थाना क्षेत्र के रानीगंज चौराहे के पास बुधवार रात करीब 12:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैगनआर के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार आकाश सोनी उर्फ मोनू (23) और उनकी बहन रोली सोनी (26) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घायल चालक की पहचान मोहित सोनी, निवासी कटरा, थाना मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर) के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतका रोली सोनी की दो महीने बाद शादी होने वाली थी। हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टक्कर हादसे की वजह मानी जा रही है। 

इनपुट : एजेंसी

संबंधित समाचार