टेक जानकारी : मेटा के एआई स्मार्ट ग्लास में नया सुरक्षा अपडेट
एआई आधारित स्मार्ट ग्लास तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं, लेकिन इनके साथ निजता और सुरक्षा को लेकर चिंताएं भी बढ़ी हैं। इसी बीच मेटा ने अपने एआई स्मार्ट ग्लास के लिए नया सॉफ्टवेयर अपडेट जारी किया है, जिसका उद्देश्य बिना अनुमति गुप्त रिकॉर्डिंग की आशंका को कम करना है। मेटा के अनुसार, स्मार्ट ग्लास में कैमरा सक्रिय होने पर लगी एलईडी इंडिकेटर लाइट उपयोगकर्ताओं के आसपास मौजूद लोगों को रिकॉर्डिंग की जानकारी देती है।
फोटो लेते समय यह लाइट कुछ क्षण के लिए चमकती है, जबकि वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान लगातार जलती रहती है। हाल में कुछ तकनीकी विशेषज्ञों ने ऐसे तरीके खोज निकाले थे, जिनसे इस इंडिकेटर लाइट को ढककर या निष्क्रिय कर गुप्त रिकॉर्डिंग संभव हो सकती थी। इससे गोपनीयता को लेकर व्यापक बहस शुरू हो गई।
इसी चुनौती को देखते हुए कंपनी ने सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत किया है। नए अपडेट के बाद यदि सिस्टम को पता चलता है कि इंडिकेटर लाइट को टेप से ढका गया है, उससे छेड़छाड़ की गई है या उसे हटाने का प्रयास किया गया है, तो कैमरा स्वतः निष्क्रिय हो जाएगा। कैमरा तभी दोबारा काम करेगा, जब सिस्टम यह सुनिश्चित कर लेगा कि इंडिकेटर सामान्य स्थिति में है। मेटा का कहना है कि यह सुविधा पहले भी उपलब्ध थी, लेकिन अब इसे अधिक उन्नत बनाया गया है ताकि हार्डवेयर स्तर पर किए गए बदलावों का भी पता लगाया जा सके। यह अपडेट दिखाता है कि पहनने योग्य एआई उपकरणों के विकास के साथ तकनीकी नवाचार और सार्वजनिक निजता के बीच संतुलन बनाए रखना भविष्य की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल होगा।
