Sugar Price: चीनी के दाम में अब भी मनमानी, 58 से 68 रुपये किलो तक पहुंचे भाव
दोनों चीनी मिलों ने नोटिस का अब तक नहीं दिया जवाब, पुरानी चीनी बाजार में आने से फुटकर कीमत घटने के आसार
अयोध्या, अमृत विचार : चीनी का बाजार अब भी मनमानी का शिकार है। दावा तो है कि बाजार में चीनी के दाम में स्थिरता आ गई है, लेकिन ऐसा अभी है नहीं। चीनी का फुटकर बाजार अब भी 58 से 68 के बीच झूल रहा है। शहर और सोहावल की बाजार में कुछ ऐसा ही रेट रहा है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर माना जा रहा है कि बाजार में स्थिरता आई है। इस बीच मंगलवार से पुरानी चीनी के बाजार में आने की संभावना बताई गई है। इससे चीनी का फुटकर दाम धीरे-धीरे नीचे आने के आसार भी हैं।
चीनी के बाजार मूल्य में स्थिरता नहीं है। दाम में अंतर का कारण दुकानदार क्वालिटी की बात कहते हैं। लंबी कवायद के बाद भी चीनी के दाम नीचे नहीं आ रहे हैं। जिला प्रशासन ने चीनी के दामों में कृत्रिम वृद्धि मानते हुए जिले की दोनों चीनी मिलों केएम शुगर मिल मसौधा और रौजागांव चीनी मिल को नोटिस जारी की थी, लेकिन अब तक इन मिलों की ओर से प्रशासन को नोटिस पर स्पष्टीकरण नहीं भेजा गया है। इसके कारण प्रशासन की अगली कार्रवाई पर अब तक विराम है। बाजार मूल्य स्थिर होने और धीरे-धीरे घटने की उम्मीद में बाजार को भी अपने हाल पर छोड़ दिया गया है।
इस बीच पता चला है कि मंगलवार से चीनी के फुटकर बाजार में पुरानी चीनी लाई जा रही है। अब इस पर नजर है। पर्याप्त चीनी बाजार में आने पर उम्मीद की जा रही है कि चीनी का फुटकर मूल्य पुराने रेट पर आ जाएगा। जिला खाद्य विपणन अधिकारी धनंजय सिंह ने बताया कि बाजार पर नजर है। बाजार में फुटकर चीनी मूल्य स्थिर हुआ है। चीनी मिलों से स्पष्टीकरण मांगे जाने की बात बताई। लेकिन अब तक यह प्राप्त नहीं हुआ है। पुरानी चीनी के बाजार में आने की बात पर उन्होंने बताया कि ऐसी जानकारी आई है। उम्मीद जताई कि नई परिस्थितियों में चीनी का खुदरा मूल्य धीरे-धीरे कम होगा।
यह भी पढ़ेंः सरयू किनारे दिखेगी रामायण की पूरी कहानी, 25 फीट का रावण बनेगा अयोध्या के नए थीम पार्क की पहचान
