हल्द्वानी: धोखाधड़ी की वारदात का खुलासा, दो गिरफ्तार
हल्द्वानी,अमृत विचार। पूर्व फौजी और हार्डवेयर कारोबारी से सवा लाख की धोखाधड़ी के दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ गए हैं। इस केस में फर्जी आईडी पर सिम देने वाले दो लोगों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने इन्हें भी नामजद करते हुए तलाश शुरू कर दी है। शनिवार को पुलिस भवन सभागार …
हल्द्वानी,अमृत विचार। पूर्व फौजी और हार्डवेयर कारोबारी से सवा लाख की धोखाधड़ी के दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ गए हैं। इस केस में फर्जी आईडी पर सिम देने वाले दो लोगों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने इन्हें भी नामजद करते हुए तलाश शुरू कर दी है।
शनिवार को पुलिस भवन सभागार में एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने वारदात का खुलासा किया। बताया कि तल्ली बमौरी निवासी कारोबारी हयात सिंह बोरा ने सरिया खरीद का झांसा देकर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस केस पर काम करते हुए क्षेत्र के 35 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इस दौरान उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद निवासी प्रवीण कुमार जयसवाल उर्फ कुलदीप और रामपुर निवासी जय प्रकाश प्रजापति प्रकाश में आए। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। प्रवीण ने कारोबारी से सरिया मंगवाकर कठघरिया में अपने प्लाट पर रखवाया।
इसके बाद जय प्रकाश के जीतपुर नेगी प्लाट पर भेज दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सरिया भी बरामद कर लिया। जांच-पड़ताल के दौरान आरोपियों को फर्जी आईडी पर मोबाइल नंबर देने वाले हरि सिंह बिष्ट और एक निजी दूरसंचार कंपनी के विकास की संलिप्तता भी प्रकाश में आई। इन दोनों ने एक वृद्धा की आईडी पर आरोपियों को नंबर जारी किया था। इसके लिए दोनों पक्षों के बीच पांच हजार रुपयों में सौदा हुआ था। इस केस में पुलिस ने फर्जी आईडी पर नंबर देने वाले दोनों आरोपियों को भी नामजद किया है। अब पुलिस इन आरोपियों की तलाश में जुट गई है। खुलासे के दौरान सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी और मुखानी एसओ सुशील कुमार मौजूद थे। खुलासा करने वाली टीम में एसआइ निर्मल लटवाल और नीरज वल्दिया, सिपाही नरेंद्र राणा, वीरेंद्र रावत, प्रदीप पिल्खवाल शामिल थे।
