बरेली: छोटे दलों को साथ लेकर चुनाव लड़ने पर विचार करेगी सपा
अमृत विचार, बरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व छोटे दलों के साथ गठबंधन के संकेत दिए हैं। गुरुवार को बरेली में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) प्रमुख शिवपाल यादव से गठबंधन के सवाल पर अखिलेश ने सीधे कुछ कहने की …
अमृत विचार, बरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व छोटे दलों के साथ गठबंधन के संकेत दिए हैं। गुरुवार को बरेली में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) प्रमुख शिवपाल यादव से गठबंधन के सवाल पर अखिलेश ने सीधे कुछ कहने की जगह कहा कि छोटे दल कोई भी हों, सपा उन्हें साथ लेकर चुनाव लड़ने पर विचार करेगी। बसपा को लेकर बोले-प्रदेश भर में बसपा के सारे नेता सपा में आ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका रास्ता दूसरा है। वह भाजपा से नहीं लड़ना चाहती है। बोले- राहुल गांधी मेरे दोस्त नहीं हैं।
अखिलेश यादव गुरुवार को बरेली में सपा की मंडलीय प्रशिक्षण कार्यशाला में भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि चाहे केंद्र हो या प्रदेश सरकार, दोनों ही नाम और रंग बदलने वाली हैं। किसान आंदोलन को सपा का पूरा समर्थन देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नए कृषि कानूनों को लागू करके केंद्र सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाना चाहती है। कानूनों को डेढ़ साल तक स्थगित करने का उसका प्रस्ताव सिर्फ ड्रामा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में सरकार बनने के बाद विकास के नाम पर कुछ नहीं किया। एक्सप्रेस वे समाजवादी सरकार ने दिए। गोमती रीवर फ्रंट की कहानी किसी से छिपी नहीं है।

प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट, अफसर नाकाम
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था संभाल पाने में नाकाम हो गए हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। अपराध बढ़ रहे हैं और पीड़ितों की थानों में कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में सर्वे आया है, उसमें टॉप 10 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नही हैं। नीति आयोग से जारी रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और अपराध की स्थिति बेहद खराब है। फर्जी एनकाउंटर किए गए हैं। शिक्षित बेरोजगार आत्महत्याएं कर रहे हैं। देश में सबसे ज्यादा महंगी बिजली उत्तर प्रदेश में ही किसानों को दी जा रही है।
संगठनों ने नहीं भाजपा ने किया तांडव का प्रचार
भाजपा पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वेब सीरीज तांडव का ज्यादा प्रचार जान-बूझकर करने से यह तो पता चला कि कुछ चीजें क्रिएट की जाती हैं। लाकडाउन में कल कारखाने बंद होने से जहां व्यापारी परेशान रहे वहीं, शैक्षिक संस्थानों में तालाबंदी से छात्र परेशान हुए। इस मुश्किल घड़ी में सपा के लैपटॉप ऑनलाइन पढ़ाई में मददगार साबित हुए हैं।
भाजपा का प्रिय काम रहा शौचालय बनाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सरकार का सबसे ज्यादा प्रिय काम शौचालय बनाना रहा। इसमें भी हर जिले में एक-एक लाख शौचालय का घोटाला है। स्मार्ट सिटी के बहाने न जाने कितने लोगों के घर गिरा दिए जाएंगे जबकि सीएम को अपने बंगले का नक्शा पास है या नहीं, इसकी जानकारी नहीं होगी। अपराध ही नहीं योगी सरकार में तबादलों और पोस्टिंग का खेल भी किसी से छिपा नहीं है। अब तक तमाम सरकारें आईं मगर इतना गिरा स्तर कभी नहीं देखने को मिला। जो सच के खिलाफ आवाज उठाता है उसे जेल भेज दिया जाता है या तबादला कर देते हैं। यही वजह इस सरकार में सरकारी कर्मी भी बुरी तरह त्रस्त हो गया है। मेट्रो को रोकने वाली, स्मार्ट सिटी के नाम गोलमाल करने वाली, चीनी मिलें को बेचने वाली इस सरकार में हर वर्ग परेशान है।

‘सपाई करते रहे इंतजार, हाथ हिलाकर चले गये अखिलेश’
समाजवादी पार्टी की मंडलीय कार्यशाला के दूसरे दिन अखिलेश यादव को शामिल होना था। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने सपा नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को पार्टी प्रमुख के आने की जानकारी एक दिन पहले ही दे दी थी। तय समय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हवेली पहुंच सके थे। दोपहर 1.30 बजे का कार्यक्रम निर्धारित था लेकिन 2 बजे तक जब अखिलेश यादव कार्यक्रम में नहीं पहुंचे तो सपाइयों में खासा नाराजगी दिखी।
इस बीच कार्यकर्ताओं को पता चला कि वह फरीदपुर के सपा से पूर्व ब्लाक प्रमुख रहे सोनू यादव के घर अहलादपुर होते हुए निकल गए थे। यहां से लौटते वक्त भी कार्यक्रम में शामिल न होकर आवास विकास स्थित डॉ. राम सिंह कुशवाहा के घर पहुंच गए। बताया जाता है डा. कुशवाहा की पत्नी सलोना कुशवाहा ने शाहजहांपुर जिले से टिकट के लिए दावेदारी की है। यहां करीब 40 मिनट रुकने के बाद अखिलेश सीधे प्रेसवार्ता में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को भीड़ हवेली पर जुटी रही लेकिन देर शाम तक कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर सभी मायूस दिखे। रात करीब 9 बजे आकांक्षा एन्क्लेव स्थित सपा से ताल्लुक रखने वाले समाजसेवी सौरभ खन्ना से अखिलेश ने उनके आवास पर मुलाकात की।
इधर, पार्टी सूत्रों का कहना है होटल में रात्रि विश्राम करने के बाद तीन दिवसीय कार्यशाला के अंतिम दिन अखिलेश यादव पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र देंगे। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इनको मिली अखिलेश के साथ मंच पर जगह
अखिलेश यादव के साथ मंच पर पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व सांसद सलीम शेरवानी, बरेली के सपा जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, पूर्व मंत्री अताउर्रहमान, पूर्व विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व मेयर डा. आईएस तोमर, हाल ही में सपा में शामिल होने वाले विजय पाल सिंह, देवेंद्र सिंह, बदायूं के जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह यादव, विधायक ओमकार सिंह यादव, शाहजहांपुर के जिलाध्यक्ष तनवीर खां, एमएलसी अमित यादव उर्फ रिंकू, विधायक शरदवीर सिंह, पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा, पीलीभीत के पूर्व मंत्री रियाज अहमद, पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा, पूर्व विधायक पीतमराम को मंच पर स्थान मिला।
इनकी भी रही मौजूदगी
इस दौरान बदायूं के पूर्व विधायक इस्लाम साबिर, पूर्व विधायक आशीष यादव, पूर्व विधायक पुत्तू सिंह यादव, शाहजहांपुर के पूर्व विधायक राजेश यादव, पूर्व एमएलसी संजय मिश्रा, पार्षद शमीम अहमद, कलीमुद्दीन, डा. अनीस बेग, जिला प्रवक्ता मयंक शुक्ला मोंटी, शाहजहांपुर के महानगर अध्यक्ष कपिल वर्मा, विष्णु शर्मा, गौरव सक्सेना, मनोहर पटेल, पुरुषोत्तम गंगवार, हेमंत सिंह राणा आदि मौजूद रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को सपा नेता रवि बाबू के घर पहुंचे। यहां उन्होंने रवि बाबू के पुत्र संजय सिंह यादव उर्फ सोनू यादव पूर्व ब्लाक प्रमुख के निधन पर शोक जताया और कहा संजय का निधन पार्टी के लिए क्षति है। कुछ देर शोक संतृप्त परिवार के बीच रहने के बाद अखिलेश बरेली के लिए रवाना हो गए। वहीं, फरीदपुर पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, गुन्नौर के पूर्व विधायक रामखिलाड़ी, एमएलसी शाहजहांपुर अमित यादव, सलीम शेरवानी, पूर्व सांसद एवं कैप्टन अर्जुन यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दलबीर सिंह , जयप्रकाश भास्कर, सत्यपाल नेताजी, नरेश चंद शर्मा, चौधरी, नरेश प्रताप सिंह, पूनम यादव, सुनीता यादव, शालिनी सिंह ,रुचि वीरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सपा की महिला कार्यकर्ता को कमांडो ने रोका
समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की नीरज तिवारी अपने समर्थकों के साथ अखिलेश यादव से मिलने पूर्व ब्लाक के आवास पर पहुंची। यहां उनको गेट पर ही सुरक्षाकर्मियों ने रोक लिया। उनके बार-बार आग्रह करने पर भी उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। इसको लेकर काफी देर तक उनको इंतजार करना पड़ा। इस बीच मुख्यमंत्री के बाहर निकलने पर ही उनकी भेंट हो सकी।
