हल्द्वानी: पहाड़ के युवा कलाकार को भी करना पड़ा था नेपोटिज्म का सामना
दीपिका नेगी, हल्द्वानी। बॉलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर अक्सर सवाल उठते रहते हैं। यहां संघर्ष कर रहे कई कलाकार इसे लेकर अपना दर्द बयां कर चुके हैं। राज्य के युवा कलाकार शुभ जोशी को भी नेपोटिज्म के कारण कई बार बड़े प्रोजेक्ट्स से बाहर होना पड़ा था। वह इस बात से पूरी तरह इत्तेफाक रखते …
दीपिका नेगी, हल्द्वानी। बॉलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर अक्सर सवाल उठते रहते हैं। यहां संघर्ष कर रहे कई कलाकार इसे लेकर अपना दर्द बयां कर चुके हैं। राज्य के युवा कलाकार शुभ जोशी को भी नेपोटिज्म के कारण कई बार बड़े प्रोजेक्ट्स से बाहर होना पड़ा था। वह इस बात से पूरी तरह इत्तेफाक रखते हैं कि बॉलीवुड में बाहर के कलाकारों को नेपोटिज्म का शिकार होना पड़ता है, लेकिन साथ ही वह यह भी कहते हैं कि संघर्ष जितना बड़ा होगा, जीत भी उतनी ही शानदार होगी।
हम बात कर रहे हैं शापित फिल्म से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने वाले शुभ जोशी की। शुभ मूल रूप से चंपावत के रहने वाले हैं, साथ ही पिछले 15 सालों से वह मॉडलिंग और अभिनय की दुनिया में नाम कमा रहे हैं। वह अपनी चचेरी बहन की शादी के लिए इन दिनों हल्द्वानी पहुंचे हैं।
अभिनय होने के साथ ही वह गायकी में भी अपना जलवा दिखा रहे हैं। उनसे बातचीत कर हमने उनसे आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में बात की तो पता चला कि वह इन दिनों कई बड़े बैनरों के साथ अपनी म्यूजिक वीडियो की तैयारी कर रहे हैं। इन दिनों वह मुंबई में अपना एक्टिंग इंस्टीट्यूट भी संचालित कर रहे हैं। इसके साथ ही उनकी इच्छा है कि वह पहाड़ के युवाओं के लिए भी यहां एक एक्टिंग इंस्टीट्यूट खोलें।
हाल ही में रिलीज किया कुमाऊंनी गीत गोरी-गोरी हाथ
शुभ का हाल ही में कुमाऊंनी गीत गोरी-गोरी हाथ मा गीत रिलीज हुआ है। इसे लेकर शुभ बताते हैं कि अपनी लोककला व संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए यह उनकी एक पहल है। आगे भी उनके कई पहाड़ी गीत रिलीज होने वाले हैं। उनका मानना है कि व्यक्ति चाहे जहां रहे, उसका लगाव अपनी संस्कृति से कम नहीं होना चाहिए।
करन जौहर की फिल्म में करेंगे काम
शुभ के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं, जिनमें से एक फिल्म वह करन जौहर के साथ करने जा रहे हैं। इसे लेकर उनकी बात चल रही है। जल्द ही इसकी शूटिंग पर काम शुरू होगा।
