बरेली: 15 दिन बाद चौपुला पुल के नीचे से शुरू हो सकता है आवागमन
अमृत विचार, बरेली। चौपुला ओवरब्रिज का निर्माण तेजी से चल रहा है। पटेल चौक की ओर से मुख्य ओवरब्रिज से 15 दिनों में जुड़ जाने की संभावना है। इसके बाद पुलिस लाइन रोड की ओर से पुराने ओवरब्रिज को जोड़ा जाएगा। ऐसे में 15 दिन बाद पुल के नीचे से आवागमन शुरू होने की संभावना …
अमृत विचार, बरेली। चौपुला ओवरब्रिज का निर्माण तेजी से चल रहा है। पटेल चौक की ओर से मुख्य ओवरब्रिज से 15 दिनों में जुड़ जाने की संभावना है। इसके बाद पुलिस लाइन रोड की ओर से पुराने ओवरब्रिज को जोड़ा जाएगा। ऐसे में 15 दिन बाद पुल के नीचे से आवागमन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
शहर के चौपुला चौराहे के निर्माणाधीन ओवरब्रिज सिटी स्टेशन रोड से पुलिस लाइन रोड की ओर जोड़ने के लिए चार पिलर पर लिंटर का काम बकाया है। इसमें पुलिस लाइन रोड की तरफ से पिलर पर लिंटर का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके बाद पुलिस लाइन की ओर से पुराने पुल को जोड़ने के लिए पिलर बनाए जाएंगे।
चौपुला चौराहे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का सिटी स्टेशन रोड की ओर से 17 पिलर पर लिंटर का कार्य पूरा हो गया है। ओवरब्रिज पर सड़क निर्माण किया जा रहा है जबकि पुलिस लाइन रोड की ओर से सिटी स्टेशन की ओर सीधे जोड़ने का कार्य 15 मार्च तक पूरा होने की संभावना है।
इसके बाद ओवरब्रिज सीधे बन कर तैयार हो जाएगा। जो बदायूं को जाने वाले रास्ते पर बने पुराने पुल से नए पुल को जोड़ देगा। इससे पुलिस लाइन की ओर से आने वाले वाहन सीधे बदायूं की ओर निकल जाएंगे। वहीं, दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन सिटी स्टेशन की ओर चले जाएंगे जिससे शहर में आने-जाने वाले वाहन सीधे पुल पर पहुंच जाएंगे।
सेतु निगम के अफसरों की मानें तो पुराने पुल से जोड़ने के लिए पिलर का काम तेज कर दिया गया है। करीब 15 दिनों में पटेल चौक की ओर जाने वाली सड़क पर ओवरब्रिज का कार्य पूरा होने से चौपुला चौराहे पर बंद ट्रैफिक को खोल दिया जाएगा। इससे निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे से लोगों का आवागमन शुरू हो जाएगा जबकि ओवरब्रिज सिटी स्टेशन की ओर जुड़ने से सर्विस लेन पर आवागमन शुरू कर दिया जाएगा।
