हल्द्वानी: नल बाजार में शराबियों का बवाल, कारोबारी का सिर फोड़ा
हल्द्वानी, अमृत विचार। नल बाजार में देर रात दर्जन भर शराबियों ने जमकर बवाल काटा। इस बीच मौके से गुजर रहे एक कारोबारी पर रंजिशन हमला कर दिया। कारोबारी को दौड़ाने के साथ ही घर में घुसकर पीटा। हमले में कारोबारी का सिर फट गया। बेस अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद पीड़ित को निजी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नल बाजार में देर रात दर्जन भर शराबियों ने जमकर बवाल काटा। इस बीच मौके से गुजर रहे एक कारोबारी पर रंजिशन हमला कर दिया। कारोबारी को दौड़ाने के साथ ही घर में घुसकर पीटा। हमले में कारोबारी का सिर फट गया। बेस अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद पीड़ित को निजी अस्पताल भर्ती कराया गया। पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों पर केस दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
मीरा मार्ग निवासी पीड़ित कारोबारी विवेक गर्ग रोज की तरह बुधवार रात को घर लौट रहे थे। नल बाजार पहुंचे तो दर्जन भर युवक रोड पर शराब पी रहे थे। विवेक को देखते ही इन युवकों ने घेर लिया और लोहे की राड सिर पर दे मारी।
कारोबारी अपनी जान बचाकर घर की ओर भागा। पीछ़-पीछे लाठी-डंडों से लैस हमलावर भी घर के भीतर घुस गए। यहां भी कारोबारी से मारपीट की। इस बीच कारोबारी की दो तोला की सोने की चेन भी खो गई।
पीड़ित कारोबारी ने बेस अस्पताल पहुंचकर प्राथमिक इलाज कराया। उनके सिर पर टांके आए। गुरुवार को पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद समेत 12 के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इधर, हालत बिगड़ने पर पीड़ित कारोबारी ने नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज कराया। न्यूरोसर्जन ने उन्हें भर्ती होने की सलाह दी। एसएसआई कैलाश सिंह नेगी ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है।
रोजाना सजती है नल बाजार में शराबियों की महफिल
हल्द्वानी। पीड़ित कारोबारी के अनुसार नल बाजार में रोजाना शराबियों की महफिल सजती है। ये लोग बंद दुकानों और ठेलों पर बैठकर शराब पीते हैं। रातभर हुड़दंग चलता है। इससे स्थानीय निवासी आतंकित रहते हैं। आरोपी पहले भी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। हर बार पुलिस की मध्यस्थता में समझौता कर बच जाते हैं।
