लखीमपुर खीरी: मां-बच्ची को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा, मौत
खमरिया/लखीमपुर, अमृत विचार। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने दवा लेकर घर जा रही मां और उसकी गोद में एक माह की मासूम बच्ची को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दुर्घटना करने …
खमरिया/लखीमपुर, अमृत विचार। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने दवा लेकर घर जा रही मां और उसकी गोद में एक माह की मासूम बच्ची को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दुर्घटना करने वाले ट्रक का पता नहीं चल सका है।
शुक्रवार को देर रात राजेन्द्र कुमार गौतम पुत्र हीरालाल निवासी गौर चौखड़िया निवासी थाना तंबौर जनपद सीतापुर जुड़वा बच्चों की दवा दिलाने साइकिल से गांव जसवंतनगर गए। उसकी साइकिल पर उसकी बहन गुड़िया एक बच्चे को लिए बैठी थी वहीं दूसरी साइकिल पर राजेन्द्र की पत्नी सुशीला और चचेरा भाई पवन पुत्र शम्भू थे। एक बच्चा सुशीला की गोद में था।
रात करीब 11 बजे दवा लेकर वापस लौटते समय चौकी खमरिया क्षेत्र के महरिया गांव के पास सड़क पार करने लगे। उसी समय सामने से आ रहे तेजगति अज्ञात ट्रक ने पवन की साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पवन की साइकिल पर पीछे बैठी सुशीला देवी मासूम बच्चे के साथ सड़क पर गिरकर ट्रक के नीचे आ गई। मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा देख राजेन्द्र और पवन एवं गुड़िया चीखने -चिल्लाने लगे। चीख पुकार सुनकर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया। ईसानगर प्रभारी निरीक्षक हरिओम श्रीवास्तव पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे को अंजाम देने वाले ट्रक की खोजबीन की पर पता नहीं चल सका।
