हल्द्वानी: कांग्रेस ने ब्लॉक स्तर पर पदयात्राएं निकाल किया महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। कांग्रेस ने महंगाई और कुकिंग गैस व तेल की बढ़ती कीमतों के विरोध में ब्लॉक स्तर पर पदयात्रा निकाली। काठगोदाम, महानगर, गौलापार ब्लॉकों में पदयात्राएं निकाली गईं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तेल की बढ़ी हुई कीमतें कम करने और मोदी सरकार से इस्तीफा देने की मांग की। सोमवार को काठगोदाम ब्लॉक की …

हल्द्वानी,अमृत विचार। कांग्रेस ने महंगाई और कुकिंग गैस व तेल की बढ़ती कीमतों के विरोध में ब्लॉक स्तर पर पदयात्रा निकाली। काठगोदाम, महानगर, गौलापार ब्लॉकों में पदयात्राएं निकाली गईं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तेल की बढ़ी हुई कीमतें कम करने और मोदी सरकार से इस्तीफा देने की मांग की।

सोमवार को काठगोदाम ब्लॉक की ओर से पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा का शुभारंभ नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। लॉकडाउन, कोविड-19 से बेरोजगारी बढ़ गई है और सरकार को आमजन से कोई सरोकार नहीं है। सिर्फ दो चहेते उद्यमियों को बढ़ावा देने में लगी है। उन्होंने कहा कि अब जनता ने तानाशाही सरकार को हटाने का मन बना लिया है।

प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स थोप रखा है इसकी वजह से कीमतें बढ़ती जा रही हैं। पेट्रोलियम की कीमत बढ़ने से भाड़ा बढ़ा है और महंगाई में इजाफा हुआ है इससे जनता का हर वर्ग महंगाई से जूझ रहा है।
पदयात्रा नारीमन चौक से शुरू होकर अजी मोहल्ला से नई बस्ती, आदर्श कॉलोनी चांदमारी से होते हुए काठगोदाम रेलवे स्टेशन चौराहे पर समाप्त हुई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने हाथों में महंगाई के खिलाफ स्लोगन लेकर प्रदर्शन किया और मोदी सरकार से इस्तीफा देने की मांग की। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल, सुमित हृदयेश, हेमंत बगड़वाल, राजेंद्र बिष्ट, मोहन बिष्ट, बहादुर सिंह बिष्ट, यशपाल आर्य ने प्रदीप बिष्ट, भूपेंद्र बिष्ट, शकुंतला, प्रतिभा, हीरा देवी, हरक भंडारी, विजय संभल, मनीष पांडे आदि मौजूद थे।

गौलापार में भी निकाली पदयात्रा
कुंवरपुर ब्लॉक अध्यक्ष नीरज रैक्वाल के नेतृत्व में कुंवरपुर तिराहे से गौलापार तक पदयात्रा निकाल कर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि आमजन की जिंदगी में रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल आने वाली वस्तुएं पेट्रोल-डीजल, कुकिंग गैस और तेल की कीमत बढ़ने से भाड़ा बढ़ा और महंगाई बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी से अभी तक मोदी सरकार में महंगाई चरम पर है। गुस्साए कांग्रेसियों ने भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन किया। इस दौरान संध्या डालाकोटी, भगवान सम्मल, प्रहलाद वोरा, हरेंद्र वोरा, राजेंद्र खनवाल, इंद्रपाल, बलवंत वोरा आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार