नैनीताल: सीएम दौरे का विरोध कर रहे कांग्रेसियों को किया गिरफ्तार
नैनीताल, अमृत विचार। सीएम त्रिवेंद्र रावत के नैनीताल पहुंचने से पूर्व ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी हुई। इसके बाद करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भिजवा दिया गया। शनिवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नगर दौरे से पूर्व ही …
नैनीताल, अमृत विचार। सीएम त्रिवेंद्र रावत के नैनीताल पहुंचने से पूर्व ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी हुई। इसके बाद करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भिजवा दिया गया।
शनिवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नगर दौरे से पूर्व ही कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन का ऐलान कर चुके थे। शांति व्यवस्था संभालने को लेकर सुबह दस बजे से ही पुलिस तल्लीताल डांट पर मुस्तैद हो गई। करीब 11 बजे तल्लीताल बाजार की ओर से भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में काले झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए तल्लीताल डांठ पर पहुँचे। यह देख पुलिसकर्मी भी अलर्ट हो गए। डांठ पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोर-शोर से सीएम गो बैक और भाजपा सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। पुलिसकर्मियों के रोकने के बावजूद कार्यकर्ता नहीं रुके और उन्होंने विरोध जारी रखा।
इस बीच कार्यकर्ताओ और पुलिसकर्मियों के बीच काफी धक्का-मुक्की भी हुई। करीब 10 मिनट तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भिजवा दिया गया। विरोध प्रदर्शन करने वालों में पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी, नगर अध्यक्ष अनुपम कबड़वाल, सूरज पांडेय, खष्टी बिष्ट, संजय कुमार, दिनेश कर्नाटक,गिरीश पपेने, हिमांशु पाण्डेय, त्रिभुवन फर्त्याल,समीर समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
