हल्द्वानी: महंगाई के विरोध में युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
हल्द्वानी, अमृत विचार। युवा कांग्रेस ने महंगाई और तेल की बढ़ती कीमतों के विरोध में हाथों में खाली सिलेंडर लेकर और बाइक गिरा कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर लगाम कसने में विफल रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह प्रिंस और जिलाध्यक्ष गजेंद्र गौनियां के नेतृत्व में दर्जनों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता …
हल्द्वानी, अमृत विचार। युवा कांग्रेस ने महंगाई और तेल की बढ़ती कीमतों के विरोध में हाथों में खाली सिलेंडर लेकर और बाइक गिरा कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर लगाम कसने में विफल रही है।
प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह प्रिंस और जिलाध्यक्ष गजेंद्र गौनियां के नेतृत्व में दर्जनों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को तिकोनिया स्थित बुद्ध पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि संप्रग-दो की सरकार में सिलेंडर 350 रुपये और पेट्रोल 65 व डीजल के दाम 54 रुपये प्रति लीटर होने पर उग्र प्रदर्शन करने वाले भाजपा कार्यकर्ता आज कहां है।
महंगाई ने जनता का जीना मुहाल कर दिया है। उन्होंने कहा कि सिर्फ 50 रुपये प्रति बैरल होने के बाद भी पेट्रोल-डीजल को महंगे दामों पर बेचा जा रहा है। केंद्र सरकार सिर्फ चहेते दो उद्योगपतियों का खजाना भरने में लगी हुई है। जिलाध्यक्ष गजेंद्र गौनियां ने कहा कि देश में पिछले 70 सालों में आज महंगाई चरम पर है।
फिर भी भाजपा कार्यकर्ताओं को महंगाई डायन नहीं लग रही है। सिर्फ 100 दिनों में महंगाई कम करने का दावा करने वाले पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार में पिछले छह सालों में महंगाई ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। जिला महामंत्री प्रदीप नेगी ने कहा कि अभी कोरोना से हुए नुकसान से जनता उबर नहीं पाई थी।
अब महंगाई व तेल, रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने जनता की कमाई पर भी डाका डालना शुरू कर दिया है। गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में खाली सिलेंडर लेकर और बाइक-स्कूटी गिराकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान मनोज भट्ट, ललित जोशी, हेम थापा, बवनीत सिंह, लाल सिंह पवार, हर्षित जोशी, मदन गौनियां, गोपाल रावत, हेमंत कुमार, त्रिलोक कठायत, कुंवर मटियाली, प्रवीण भट्ट, जीवन बिष्ट, प्रदीप बिष्ट, योगेश सुयाल, करण मेहरा आदि मौजूद थे।
