हल्द्वानी: अश्लील इशारे करता था ऑटो वाला,धरा गया
हल्द्वानी, अमृत विचार। कालाढूंगी रोड स्टैंड के पास एक ऑटो चालक ने कई दिनों से किशारियों और युवतियों को अश्लील इशारे कर उनकी आवाजाही दुश्वार कर रखी थी। चालक की करतूत सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। किसी ने फुटेज इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर डाल दी। यहां से यह वीडियो वायरल होते हुए सोमवार को …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कालाढूंगी रोड स्टैंड के पास एक ऑटो चालक ने कई दिनों से किशारियों और युवतियों को अश्लील इशारे कर उनकी आवाजाही दुश्वार कर रखी थी। चालक की करतूत सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। किसी ने फुटेज इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर डाल दी। यहां से यह वीडियो वायरल होते हुए सोमवार को पुलिस तक पहुंच गई।
इसके बाद हीरनगर चौकी पुलिस हरकत में आई और फुटेज खंगाली। फुटेज में ऑटो का नंबर देखकर पुलिस ने चालक का पता लगा लिया। मंगलवार को चौकी प्रभारी राजवीर नेगी ने आरोपी चालक बरेली रोड पर्वतीय मोहल्ला निवासी अजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। एसएसआई कैलाश सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी को थाने से जमानत मिलने के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया। मुकदमे की विवेचना शुरू कर दी गई है।
हेल्पलाइन नंबर पर करें शिकायत
हल्द्वानी। ऑटो चालक काफी समय से स्टैंड के पास आवाजाही करने वाली महिलाओं को परेशान कर रहा था। लेकिन कोई भी पीड़ित पुलिस से शिकायत के लिए आगे नहीं आई। इससे चालक के हौंसले बढ़ते गए और उसकी करतूत जारी रही। हालांकि पिछले दिनों एक युवती को अश्लील इशारे करते देखने पर आसपास मौजूद महिलाओं ने चालक को पकड़ना चाहा, लेकिन वह ऑटो लेकर भाग खड़ा हुआ। कोतवाली के महिला डेस्क प्रभारी का कहना है कि महिला संबंधी अपराध की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1090 और 1098 पर भी की जा सकती है। इस पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी।
