हल्द्वानी: नशे को लेकर एसपी से मिले, सौदागरों का नाम पूछने पर लगे बगलें झांकने
हल्द्वानी, अमृत विचार। मादक पदार्थो पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग कार्यकर्ता एसपी सिटी से मिले। कार्यकर्ताओं ने नशा सौदागरों के साथ ही नशेड़ियों की करतूतों के बारे में बताया और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। सोमवार को आयोग के प्रदेश अध्यक्ष शिवम ठाकुर के नेतृत्व में …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मादक पदार्थो पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग कार्यकर्ता एसपी सिटी से मिले। कार्यकर्ताओं ने नशा सौदागरों के साथ ही नशेड़ियों की करतूतों के बारे में बताया और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को आयोग के प्रदेश अध्यक्ष शिवम ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसपी सिटी को ज्ञापन दिया। इसमें कहा गया कि बद्रीपुरा, तल्ला गोरखपुर, गांधी नगर, बैलेजली लॉज, राजपुरा, अंबेडकर नगर, चंबल पुल, चौपुला चौराहा समेत कई स्थानों पर नशा सौदागरों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे के शिकार युवाओं के कदम अपराध की ओर बढ़ रहे हैं। तमाम नाबालिग भी नशाखोरी में लिप्त हैं। नशा करने के साथ ही सड़क पर वाहन चलाने से दुर्घटनाएं भी बढ़ रही हैं।
नशेड़ी स्कूल-कॉलेज, कोचिंग सेंटरों में आने जाने के वक्त छात्राओं से अभद्रता और छेड़छाड़ करते हैं। उन्होंने नवाबी रोड पर 26 मार्च को नशे में व्यवसायी की निर्मम हत्या की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की। इस मौके पर शशि गुप्ता, प्रकाश आर्य, बबीता उप्रेती, कमल किशोर आर्य, रिंकी कश्यप, सलीम अहमद, अजय कश्यप आदि थे।
एसपी ने सौदागरों के पूछे नाम तो लगे बगलें झांकने
एसपी सिटी डॉ जगदीश चंद्र ने ज्ञापन देने आए लोगों से नशा सौदागरों के नाम-पते पूछे तो वे बगलें झांकते नजर आए। उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। एसपी सिटी ने नशा कारोबार से जुड़ी गैरकानूनी गतिविधियों की पुष्ट सूचना पुलिस को देने को कहा। भरोसा दिलाया कि पुलिस जनसहयोग के साथ आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करेगी।
