IPL 2021 : मुंबई पहुंचे एनरिच नार्जे और कगिसो रबाडा, वानखेड़े स्टेडियम में सामने आए कोरोना के 3 नए मामले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा और एनरिच नार्जे मंगलवार को मुंबई पहुंच गए, लेकिन सात दिन के पृथकवास के कारण चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शनिवार को आईपीएल का पहला मैच नहीं खेल सकेंगे। इस बीच, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कोरोना वायरस संक्रमण के 3 और मामले सामने आए हैं। दक्षिण …

मुंबई। दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा और एनरिच नार्जे मंगलवार को मुंबई पहुंच गए, लेकिन सात दिन के पृथकवास के कारण चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शनिवार को आईपीएल का पहला मैच नहीं खेल सकेंगे। इस बीच, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कोरोना वायरस संक्रमण के 3 और मामले सामने आए हैं।

दक्षिण अफ्रीका के इन दोनों तेज गेंदबाजों को टीम में बरकरार रखा गया चूंकि पिछले सत्र में दिल्ली को फाइनल में पहुंचाने में इनका अहम योगदान था।

टीम ने एक बयान में कहा ,” दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा और एनरिच नार्जे मंगलवार को मुंबई में टीम होटल में पहुंच गए। वे एक सप्ताह पृथकवास पर रहेंगे।” इस बार दिल्ली की कप्तान विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत कर रहे हैं क्योंकि नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर चोट के कारण इस सत्र से बाहर हैं।

वानखेड़े स्टेडियम को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र के 10 मैचों की मेजबानी के लिए हरी झंडी मिलने के बाद परिसर में कोरोना वायरस संक्रमण के तीन और मामले सामने आये है जिसमें दो मैदानकर्मी और एक प्लंबर (नलसाज) है। मुंबई क्रिकेट संघ के एक सूत्र ने कहा, ” स्टेडियम में जांच में कोविड-19 पॉजिटिव तीन मामले मिले है, जिसमें दो मैदानकर्मी है।” इससे पहले बीते शनिवार को 10 मैदानकर्मियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की खबर आयी थी। लेकिन उसमें से ज्यादातर इस बीमारी से उबर गये है।

आईपीएल सत्र का आगाज नौ अप्रैल को चेन्नई में होगा जबकि मुंबई में पहला मैच 10 अप्रैल को खेला जाएगा। महाराष्ट्र सरकार ने शहर में सप्ताहांत के लॉकडाउन प्रावधानों और रात के कर्फ्यू के बावजूद इसके आयोजन को मंजूरी दे दी थी। सरकार ने रात्रि कर्फ्यू के दौरान भी टीमों को अपने संबंधित होटलों से रात आठ बजे के बाद यात्रा करने और स्टेडियम में अभ्यास करने की अनुमति दी है। महाराष्ट्र में मंगलवार को कोविड-19 के 47,000 मामले सामने आये है, जिसमें मुंबई में इस महामारी की चपेट में आने वाले की संख्या 9000 से अधिक है।

संबंधित समाचार