हल्द्वानी: पुलिस ने बरामद किए 14 लाख के मोबाइल
हल्द्वानी, अमृत विचार। पुलिस के साइबर क्राइम सेल ने पिछले दो माह के दौरान गुम हुए 14.40 लाख लागत के 120 मोबाइल फोन बरामद कर लिए। मोबाइल फोन उत्तराखंड के साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब राज्य से मिले। बरामद फोन उनके स्वामियों को सौंप दिए गए। मोबाइल खोने और चोरी होने की शिकायतों के …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पुलिस के साइबर क्राइम सेल ने पिछले दो माह के दौरान गुम हुए 14.40 लाख लागत के 120 मोबाइल फोन बरामद कर लिए। मोबाइल फोन उत्तराखंड के साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब राज्य से मिले। बरामद फोन उनके स्वामियों को सौंप दिए गए।
मोबाइल खोने और चोरी होने की शिकायतों के निस्तारण के लिए साइबर क्राइम सेल में मोबाइल एप टीम बनाई गई है। इस वर्ष फरवरी से लेकर मार्च तक 517 मोबाइल की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आईएमईआई नंबर के आधार पर पुलिस के एसओजी सेल ने सभी मोबाइल की लोकेशन का पता लगाने के लिए सर्विलांस में लगाया था। इस दौरान 120 मोबाइल फोन उत्तराखंड के साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब में उपयोग में मिले। एप ने कार्ययोजना के तहत सभी मोबाइल फोन को एक-एक कर बरामद कर लिया।
बुधवार को बहुद्देशीय भवन में एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने पत्रकार वार्ता में मोबाइल फोन बरामदगी की जानकारी दी। इसके साथ ही रिपोर्टकर्ताओं को उनके फोन लौटाए गए। खोया और चुराया फोन मिलने से रिपोर्टकर्ताओं के चेहरे खिल गए। उन्होंने पुलिस का आभार जताया। एसएसपी ने बताया कि मोबाइल एप के गठन के बाद से अब तक 2820 मोबाइल बरामद हो चुके हैं।
शेष मोबाइल फोन की भी रिकवरी का प्रयास चल रहा है। इस मौके पर प्रभारी एसपी सिटी डॉ जगदीश चंद्र, साइबर सेल निरीक्षक सुधीर कुमार, एप में तैनात सिपाही आनंद बल्लभ जोशी, सिपाही पिंकी जोशी मौजूद थे।
