हल्द्वानी: मजदूरों की झुग्ग्यों में लगी आग, आधा दर्जन झुग्गियां जलकर स्वाहा
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौला किनारे बनी झुग्गियां में अज्ञात कारणों से आग लगने से आधा दर्जन झुग्गियां जलकर स्वाहा हो गई। खनन मजदूरों का घरेलू सामान आग में नष्ट हो और एक पालतू पशु भी आग की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार गौला …
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौला किनारे बनी झुग्गियां में अज्ञात कारणों से आग लगने से आधा दर्जन झुग्गियां जलकर स्वाहा हो गई। खनन मजदूरों का घरेलू सामान आग में नष्ट हो और एक पालतू पशु भी आग की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बामुश्किल आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार गौला नदी के आंवला चौकी गेट में खनन करने वाले मजदूर नदी किनारे झुग्गियां बनाकर रहते हैं। मंगलवार की सुबह संदिग्ध हालातों में एक मजदूर की झुग्गी में आग लग गई। खनन श्रमिकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर बनभूलपुरा थाना प्रभारी मो. युनूस पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय मजदूरों के साथ आग बुझाने में जुट गए।
तेज धूप और हवा से कुछ ही देर में आग विकराल हो गई। आग की लपटें एक झुग्गी से दूसरे, तीसरे तक पहुंच गई। देखते ही देखते आधा दर्जन से ज्यादा झुग्गियां आग की लपटों में स्वाहा हो गई। अग्निकांड में रामश्री देवी पत्नी सोहनलाल का राशन पलंग व अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गया और एक बछिया झुलस गई। वहीं महिला रामश्री के पुत्र दिनेश जाटव, राजकिशोर, व संदीप का फ्रिज, कपड़े राशन सहित डेढ़ लाख रुपए की नगदी जलकर राख हो गई। दिनेश ने बताया कि डेढ़ लाख रुपये बेटी की शादी के लिए जोड़े थे लेकिन आग में सिर्फ नगदी ही नहीं बेटी की शादी के अरमान भी स्वाहा हो गए।
वहीं छत्रपाल का सिलाई का खोखा भी जलकर राख हो गया। इसमें सिलाई मशीन व ग्रह के कपड़े भी जल गए। संगीता पत्नी दीनानाथ और चंद्रा देवी पत्नी बलवंत का भी घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। बाद में मौके पर पहुंचे दो दमकल वाहनों ने दो-तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया तब तक स्थिति बदहाल हो चुकी थी।
जनसेवा एकता कमेटी ने बढ़ाए मदद के हाथ
आंवला चौकी के समीप लगी झोपड़ियों में आग की सूचना पर जन सेवा कमेटी ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। उन्होंने अग्नि प्रभावितों के लिए भोजन का इंतजाम किया है।
