हल्द्वानी: इस वजह से मंगल पड़ाव सब्जी मंडी में लागू करना पड़ा ऑड-ईवन फार्मूला
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रशासन ने सब्जी मंडी में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए ऑड ईवन फार्मूला लागू कर दिया है। इसी के साथ ही गैर रजिस्टर्ड ठेले-फड़ की भी सब्जी मंडी में पाबंदी लगा दी गई है। मंगल पड़ाव सब्जी मंडी में सोशल दूरी, मास्क पहनने आदि नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थी। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रशासन ने सब्जी मंडी में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए ऑड ईवन फार्मूला लागू कर दिया है। इसी के साथ ही गैर रजिस्टर्ड ठेले-फड़ की भी सब्जी मंडी में पाबंदी लगा दी गई है।
मंगल पड़ाव सब्जी मंडी में सोशल दूरी, मास्क पहनने आदि नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थी। इसको लेकर प्रशासन ने मंगलवार को भी छापेमारी की थी और नयिमों की धज्जियां उड़ा रहे लोगों को हटाया था। इधर बुधवार को भी सब्जी मंडी मे फिर यही हालत हुई। इसके बाद एसडीएम विवेक राय, एसपी सिटी जगदीश चंद्र पुलिस फोर्स के संग मंगल पड़ाव सब्जी मंडी पहुंचे। टीम ने फैसला किया कि मंगल पड़ाव सब्जी मंडी में सिर्फ वही ठेले-फड़ लगेंगे जो नगर निगम में पंजीकृत हैं।
गैर पंजीकृत ठेले फड़ नहीं लगाए जाएंगे। किसी भी फल-सब्जी विक्रेता के परिजन नहीं आएंगे। ठेले पर सैनिटाइजर रखा जाएगा और ग्राहकों से भी सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील करें। ताकि मंडी में भीड़ कम लगे और कोरोना संक्रमण कम हो। वहीं मंडी में अनाधिकृत रूप से सड़क के बीचों बीच लग रही ठेले के लाइन को भी हटा दिया गया है।
= इस तरह लागू होगा ऑड ईवन फार्मूला =
अब मंडी में ऑड ईवन फार्मूला लागू होगा। यानी एक दिन ऑड नंबर एक, तीन, पांच नंबर वाले ठेले-फड़ लगेंगे जबकि दूसरे दिन ईवन नंबर दो, चार, छह वाले फड़ ठेले लगेंगे। यह रोस्टर के अनुसार एक-एक दिन के अंतराल पर लगेंगे। इस तरह भीड़ की रोकथाम होगी और संक्रमण फैलने का खतरा कम होगा।
= बरेली रोड पर लगेंगे फल के ठेले =
एसडीएम राय ने बताया कि मंगल पड़ाव में होलिका दहन मैदान से सटे हुए सभी फल के ठेले मंगल पड़ाव चौकी के सामने बरेली रोड पर लगेंगे। इससे फल खरीदने वाले बरेली रोड पर जाएंगे। इससे मंडी से भीड़ का दबाव कम होगा और संक्रमण का खतरा भी कम होगा।
मंगल पड़ाव सब्जी में सोशल दूरी आदि नियमों के पालन के लिए ऑड ईवन फार्मूला लागू किया गया है। सड़क के दोनों किनारों के अलावा बीच में लग रही लाईन हटा दी गई है। फल के ठेले बरेली रोड पर लगेंगे ताकि मंडी से भीड़ कम की जा सके।
= विवेक राय, एसडीएम हल्द्वानी
