हल्द्वानी: तेज रफ्तार कार पलटी, चालक की मौत
हल्द्वानी/कालाढूंगी, अमृत विचार। टेढ़ी पुलिया के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने रेस्क्यू कर गंभीर घायल कार सवार चालक समेत दो लोगों को अस्पताल भिजवाया। इलाज के दौरान कार चालक की मौत हो गई। दूसरे घायल की हालत गंभीर बनी है देहरादून के गढ़ी कैंट निवासी आशीष कुकरेती और पिठ्ठूवाला …
हल्द्वानी/कालाढूंगी, अमृत विचार। टेढ़ी पुलिया के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने रेस्क्यू कर गंभीर घायल कार सवार चालक समेत दो लोगों को अस्पताल भिजवाया। इलाज के दौरान कार चालक की मौत हो गई। दूसरे घायल की हालत गंभीर बनी है
देहरादून के गढ़ी कैंट निवासी आशीष कुकरेती और पिठ्ठूवाला निवासी सुमित किसी काम से नैनीताल जा रहे थे। रविवार दोपहर नयागांव और बौरपुल के बीच टेढ़ीपुलिया में चालक तेज रफ्तार कार से नियंत्रण खो बैठा और कार पलट गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर कालाढूंगी पुलिस 108 के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू कर कार सवार चालक और सवार को बाहर निकाला।
हालत गंभीर देखकर दोनों को हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल लाया गया। जहां, इलाज के दौरान शाम में चालक आशीष (52) ने दम तोड़ दिया। जबकि गंभीर घायल सुमित का इलाज चल रहा है। कालाढूंगी एसओ दिनेशनाथ महंत ने बताया कि परिजनों को दुर्घटना की सूचना देने के साथ ही क्षतिग्रस्त कार कब्जे में ले ली। कार की तेज रफ्तार दुर्घटना का कारण रही। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी इसकी तस्दीक की। इधर, सोमवार को हल्द्वानी पुलिस ने मृतक का पोस्टमॉर्टम करा संबंधियों को सौंप दिया।
हादसे से पहले चालक का हुआ था चालान
हल्द्वानी। इस हादसे से पहले कार चालक का तेज रफ्तार पर पुलिस ने चालान काटा था। नैनीताल के यातायात निरीक्षक आदेश कुमार ने बताया कि हादसे से पहले कार काशीपुर-रामनगर सीमा पर स्थित हल्दुआ बैरियर से गुजरी थी। कार की रफ्तार काफी तेज थी। तेज रफ्तार के आरोप में खुद यातायात निरीक्षक ने चालक का एमवी एक्ट में चालान काटा था। लेकिन इसके बाद भी चालक तेज रफ्तार से बाज नहीं आया। पुलिस ने आशंका जताई कि टेढ़ी पुलिया के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और दुर्घटना हो गई। इसमें कार चालक मारा गया।
