हल्द्वानी: पत्नी का प्रेमी ही निकला कातिल, इस तरह दिया था वारदात को अंंजाम…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। आखिरकार कैटरिंग व्यवसायी सोनू गुप्ता का कातिल पत्नी का ही प्रेमी निकला। अमृत विचार ने हत्या के बाद इसकी आशंका जताई थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को एसपी सिटी डॉ जगदीश चंद्र ने हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपी सोनू …

हल्द्वानी, अमृत विचार। आखिरकार कैटरिंग व्यवसायी सोनू गुप्ता का कातिल पत्नी का ही प्रेमी निकला। अमृत विचार ने हत्या के बाद इसकी आशंका जताई थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

बुधवार को एसपी सिटी डॉ जगदीश चंद्र ने हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपी सोनू सैनी 12 जून की रात साढ़े आठ बजे उजालेश्वर मंदिर के पास टहल रहा था। तभी शराब के नशे में सोनू गुप्ता मिल गया। दोनों आमने-आए और उनका सोनू गुप्ता की पत्नी को लेकर विवाद हो गया। सोनू ने पत्नी से दूर रहने की हिदायत देने के साथ ही बीच में आने पर जान से मारने की धमकी दे डाली। इससे गुस्साए प्रेमी ने सोनू को ठिकाने लगाने की ठान ली। वह उसे प्यार से बहला-फुसलाकर दानिश के बगीचे में ले गया। दोनों नीचे बैठकर बात करने लगे। इस बीच बात फिर भड़क उठी।

सैनी ने फोन कर अपने दो साथियों को मौके पर बुला लिया। लेकिन विवाद इतना गरमाया कि साथियों के आने से पहले ही उसने पीछे से जाकर अपने अंगोछे से सोनू का गला घोंट दिया। सैनी के बुलाए दोनों साथी मौके पर पहुंचे तो सोनू की लाश देखकर डर गए। दोनों उल्टे पैर चलते बने। इसके बाद सैनी ने सोनू की लाश कुछ दूर छिपा दी। आलाकत्ल लेकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस घटना के बाद प्रेम प्रसंग के कोण पर भी जांच कर रही थी।

इस दौरान प्रेमी पर शक गहराया। पुलिस ने छानबीन की तो आरोपी की लोकेशन घटनास्थल के आसपास ट्रेस हुई। वह सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हुआ। लेकिन घटना के बाद पुलिस की नजर से छिपा रहा। इस बीच मृतक के बड़े भाई ने भी प्रेमी पर शक जताते हुए तहरीर दी। तलाश के दौरान मंगलवार शाम आरोपी को आंवला चौकी गेट के गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के सख्ती बरतने के बाद आरोपी ने हत्या का इकबाल कर लिया। वह शहर की बाहर भागने की योजना बना रहा था। इधर, पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आलाकत्ल अंगोछा और घटना के वक्त पहनी गई जींस-कमीज भी बरामद कर लिए। एसपी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट पेश करने की तैयारी चल रही है।

बिना पुलिस सत्यापन के शहर में रह रहा था कातिल
कैटरिंग व्यवसायी सोनू का हत्यारोपी सोनू सैनी शहर में पुलिस के सत्यापन के बिना रह रहा था। मूल रूप से वह उत्तर प्रदेश रामपुर जिले के थाना का रहने वाला है। लेकिन यहां बरेली रोड की सती कॉलोनी में किराए पर रह रहा था। उसका पुलिस सत्यापन नहीं किया गया। इससे पुलिस के राज्य के बाहरी लोगों के शत-प्रतिशत सत्यापन के दावों और अभियान की कलई खुल गई है।

कातिल की प्रेमिका, दो दोस्तों को पुलिस की क्लीनचिट
पुलिस की जांच में कातिल की प्रेमिका यानी सोनू गुप्ता की पत्नी और उसके दो दोस्तों को क्लीनचिट मिली है। पुलिस की जांच में आया है कि हत्या में सीधे तौर पर खुद प्रेमी ही शामिल था। घटना के वक्त पत्नी अपने मायके में थी। उसकी हाल में हत्यारोपी से मोबाइल पर भी बात नहीं हुई थी। दूसरी ओर उसके दोनों साथी जब घटनास्थल पर पहुंचे तो हत्या हो चुकी थी। हालांकि उन्होंने पहले पुलिस को कुछ नहीं बताया। लेकिन बाद में पकड़े जाने पर पुलिस को सारी कहानी बता दी।

संबंधित समाचार