हल्द्वानी: सात दिन में 300 से ज्यादा वाहन खराब, मिलावटी पेट्रोल जाम कर रहा वाहनों के इंजन
आदित्य पंत / पवन सिंह कुंवर, हल्द्वानी। इन दिनों मोटरसाइकिल, स्कूटी, कार में ओवरस्पीड और इंजन बंद होने की दिक्कत से शहर के सैकड़ों लोग परेशान हैं। लगातार शिकायतें आने के बाद अमृत विचार टीम ने इसकी पड़ताल की तो कई चौकाने वाली बातें सामने आई। शहर के मोटर मैकेनिकों के अनुसार यह समस्या पिछले …
आदित्य पंत / पवन सिंह कुंवर, हल्द्वानी। इन दिनों मोटरसाइकिल, स्कूटी, कार में ओवरस्पीड और इंजन बंद होने की दिक्कत से शहर के सैकड़ों लोग परेशान हैं। लगातार शिकायतें आने के बाद अमृत विचार टीम ने इसकी पड़ताल की तो कई चौकाने वाली बातें सामने आई।
शहर के मोटर मैकेनिकों के अनुसार यह समस्या पिछले 10 दिनों से आ रही है। पड़ताल के मुताबिक अब तक शहर से विभिन्न क्षेत्रों के मैकेनिक 300 से ज्यादा वाहनों को सही कर चुके हैं। दरअसल, शहर के कई पेट्रोल पंपों में ऐसा मिलावटी तेल बेचा जा रहा है जो वाहनों के कार्बोरेटर को जाम कर रहा है। इससे कई वाहन स्टार्ट होने में दिक्कत कर रहे हैं तो कई ओवररेस हो रहे हैं।
पूरे शहर में जब इसकी पड़ताल की तो सैकड़ों लोग इससे परेशान होकर मैकेनिक की दुकानों पर दिखे। लोगों का कहना है कि इस पर अिधकारियों को जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं के साथ खिलवाड़ न हो।
पांच दिन से हम ऐसे दुपहिए वाहनों में कार्बोरेटर साफ करने का काम कर रहे हैं। पेट्रोल में मिलावट होने से यह दिक्कत आ रही है। तेल में कुछ ऐसा पदार्थ मिलाया गया है जो कि कार्बोरेटर को जाम कर दे रहा है। ऐसे में वाहन का एक्सीलेटर पिस्टन में फंस रहा है। लोग परेशान हैं। इसकी जांच करवाई जानी चाहिए।- साबिर अली, मोटर मैकेनिक, नहर कवरिंग रोड
आठ दिन में हमने 30 से 40 ओवररेस हो रहे वाहनों को ठीक किया है। यह समस्या सिर्फ और सिर्फ पेट्रोल में मिलावट की वजह से आ रही है। इन वाहनों में जो पेट्रोल डाला गया है उसमें से चिपचिपा पदार्थ निकल रहा है जो कि वाहन के कार्बोरेटर को जाम कर रहा है। लोग परेशान होकर यहां पर आ रहे हैं।-दानिश खान, मोटर मैकेनिक, मुखानी
सात दिन हो गए हैं हम हर रोज 10 से 20 दोपहिये वाहनों को ठीक कर रहे हैं। लोग परेशान होकर हमारे पास आ रहे हैं। उन्हें यह मामूल नहीं होता कि यह दिक्कत क्यों आ रही है। अिधकांश लोग इसे क्लच वायर की दिक्कत समझते हैं। असल में यह पेट्रोल में मिलावट की वजह से हो रही है।-जावेद, मोटर मैकेनिक, मुखानी
मैने स्कूटी में 3 लीटर तेल एक पेट्रोल पंप से डलवाया था, पहले दिन स्कूटी सही चली, लेकिन दूसरे दिन जब स्टार्ट की तो वह ओवररेस हो गई थी। मैने रेस की तार खराब होना समझा था, लेकिन जब मैकेनिक के पास ले गया तो उसने बताया कि यह तेल से दिक्कत हो रही है। मेरा तेल भी बर्बाद हो गया और 200 रुपए स्कूटी में लग गए।-नमन, वाहन मालिक, हल्द्वानी
जिन वाहनों में यह दिक्कत आ रही है। वह मिलावटी पेट्रोल की वजह से आ रही है। अब तक हम 30 से ज्यादा वाहन सही कर चुके हैं। इसके साथ ही लोगों को यह भी कह देते हैं कि इस पेट्रोल को टंकी में न रखें। अन्यथा फिर दिक्कत आ सकती है। लोग परेशान है। बेवजह लोगों का समय और पैसा बर्बाद हो रहा है।-हरीश कश्यप, मोटर मैकेनिक गौलापार
एसआर कंपनी के पेट्रोल पंपों में जो तेल आया उसकी वजह से यह दिक्कत आ रही है। इस कंपनी के सारे पंप हमने बंद करवा दिए हैं। सैंपल लिए हैं, जांच के बाद कार्रवाई करेंगे।
मनोज कुमार, डीएसओ, नैनीताल
