रुद्रप्रयाग के 14 फर्जी शिक्षकों पर रिपोर्ट दर्ज
हल्द्वानी, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग में लंबे समय से नौकरी कर रहे 14 फर्जी शिक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह कार्रवाई विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) द्वारा जांच के आधार पर की गई है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार एडीजी सीआईडी देहरादून एनएस नपच्याल और सेक्टर अधिकारी लोकजीत सिंह के …
हल्द्वानी, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग में लंबे समय से नौकरी कर रहे 14 फर्जी शिक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह कार्रवाई विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) द्वारा जांच के आधार पर की गई है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार एडीजी सीआईडी देहरादून एनएस नपच्याल और सेक्टर अधिकारी लोकजीत सिंह के निर्देशन के एसआईटी द्वारा रुद्रप्रयाग जिले के 25 शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा को रिपोर्ट प्रेषित की गई। इनमें सहायक अध्यापक कांति प्रसाद, मोहन लाल, महेंद्र सिंह, राकेश सिंह, विरेंद्र सिंह, विजय सिंह, जगदीश लाल, राजू लाल, संग्राम सिंह, मलकराज, रघुवीर सिंह, महेंद्र सिंह के अलावा सहायक अध्यापिका संगीता बिष्ट और माया सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्रमुख सचिव गृह, एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था के आदेशानुसार बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत फर्जी शिक्षकों और अन्य शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की जांच सीआईडी द्वारा की जा रही है।
सेक्टर अधिकारी सीआईडी लोकजीत सिंह ने बताया कि वर्ष 2012 से 2016 के बीच नियुक्त 9602 शिक्षक जांच के दायरे में हैं। उनके नियुक्ति संबंधी कुल अभिलेख 64641 हैं। जिनमें से 35722 अभिलेखों का सत्यापन कराया जा चुका है। शेष 28919 अभिलेखों की जांच प्रचलित है। एसआईटी द्वारा अब तक महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा को फर्जी शिक्षकों के खिलाफ 120 रिपोर्ट भेजी जा चुकी हैं। इनमें 80 शिक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है।
