काशीपुर: दोस्तों ने ही गमछे से गला घोंटकर की थी मोनू की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। पुलिस ने मोनिश उर्फ मोनू हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोस्तों ने ही शराब के नशे में गमछे से गला घोंटकर मोनू की हत्या की थी। बाद में शव को ढेला नदी में फेंक दिया, ताकि शव बहकर कहीं दूर चला जाए और शिनाख्त न …

काशीपुर, अमृत विचार। पुलिस ने मोनिश उर्फ मोनू हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोस्तों ने ही शराब के नशे में गमछे से गला घोंटकर मोनू की हत्या की थी। बाद में शव को ढेला नदी में फेंक दिया, ताकि शव बहकर कहीं दूर चला जाए और शिनाख्त न हो सके। पुलिस ने हत्या में प्रयोग किया गया गमछा बरामद कर लिया है।

बीती 28 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि पर्वतीय कॉलोनी के पास ढेला नहर में अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई। इसी दौरान शव की शिनाख्त कुंडा थाना क्षेत्र के गांव सरवरखेड़ा निवासी मोनिश उर्फ मोनू पुत्र मोहम्मद मुनाजिर के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के भाई जावेद की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

गुरुवार को एसपी प्रमोद कुमार ने कोतवाली में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि हत्यारों का पता लगाने के लिए एएसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे के निर्देशन और कोतवाली प्रभारी जीबी जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले। बीते दिन इस मामले में मुकुल भगत पुत्र रमेश भगत और ब्रह्मपाल का नाम प्रकाश में आया। मुकुल मूलरूप से अल्मोड़ा के भिकियासैंण थाना क्षेत्र के गांव खनौलिया का निवासी है और वर्तमान में कुंडा थाना क्षेत्र के गांव गंगापुर में रह रहा है। दूसरे आरोपी की पहचान मुरादाबाद के थाना ठाकुरद्वारा के गांव फरीदनगर निवासी ब्रह्मपाल उर्फ पप्पू पुत्र स्व. हरिश्चंद्र के रूप में हुई।

ब्रह्मपाल वर्तमान में काशीपुर के गांव रम्पुरा में रह रहा है। दोनों को रिग्गोडे वाले बाबा की मजार गर्जिया रोड रामनगर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी मुकुल भगत ने बताया कि मंडी गेट के पास उसकी चाय की दुकान थी। जिस पर मोनू अकसर नशे में आया करता था और उसे नशे की हालत में परेशान और चिढ़ाता था। जिस कारण वह मोनू से नफरत करने लगा और मन में तय कर लिया कि एक दिन इसे खत्म कर दूंगा। ब्रह्मपाल गांव रम्पुरा में स्थित कुलदीप की दुकान पर पकोड़े बेचा करता था। ब्रह्मपाल, मोनू और मुकुल तीनों आए दिन एक साथ बैठकर शराब पिया करते थे। 27 जुलाई तीनों ने साथ बैठकर शराब पी और नशे की हालत में मुकुल ने यह तय कर लिया कि आज मोनू की हत्या करनी है। दोनों ने मोनिश को अत्यधिक शराब पिलाई।

इसके बाद पर्वतीय कॉलोनी के पास ले जाकर मोनिश की गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। पहचान न हो सके इसलिए शव को उठाकर ढेला नदी में फेंक दिया। घटना का खुलासा करने वाली टीम को एसएसपी की ओर से ढाई हजार का इनाम देने की घोषणा की गई है। टीम में कोतवाली प्रभारी जीबी जोशी, एसएसआइ देवेंद्र गौरव, एसआइ रविंद्र सिंह बिष्ट, कांस्टेबल दीवान बोरा, महेंद्र डंगवाल, प्रेम कन्याल, एसओजी के कांस्टेबल गिरीश कांडपाल, दीपक कठैत, सुरेंद्र सिंह, प्रियंका कांबोज आदि शामिल रहे।

हिस्ट्रीशीटर अपराधी है ब्रह्मपाल

काशीपुर। एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि ब्रह्मपाल मुरादाबाद के थाना ठाकुरद्वारा का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ ठाकुरद्वारा और डिलारी थानों में हत्या, लूट, हत्या का प्रयास, एनडीपीएस एक्ट सहित 18 मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। साल 2018 में ब्रह्मपाल काशीपुर आकर रहने लगा और रम्पुरा में पकौड़े बेचने का काम करने लगा।

संबंधित समाचार