हल्द्वानी: खुलेआम पर्यावरण से खिलवाड़, आंखे मूंदे पहरेदार
हल्द्वानी, अमृत विचार। पॉलीथिन के प्रयोग से खुलेआम पर्यावरण के साथ खिलवाड़ हो रहा है। पर न ही प्रशासनिक अधिकारी जागते नजर आ रहे हैं और न ही नगर निगम के पहरेदारों की आंखे खुलती दिख रही हैं। फौरन कार्रवाई तो दूर, सख्ती को लेकर कोई योजना तक इन अधिकारियों ने नहीं बनाई है। नतीजा …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पॉलीथिन के प्रयोग से खुलेआम पर्यावरण के साथ खिलवाड़ हो रहा है। पर न ही प्रशासनिक अधिकारी जागते नजर आ रहे हैं और न ही नगर निगम के पहरेदारों की आंखे खुलती दिख रही हैं।
फौरन कार्रवाई तो दूर, सख्ती को लेकर कोई योजना तक इन अधिकारियों ने नहीं बनाई है। नतीजा यह है कि ग्राहकों को दुकानदार पॉलीथिन में सामान बांट रहे हैं और लोग भी इसका प्रयोग कर उसे कचरे में डालकर प्रदूषण का खतरा बढ़ा रहे हैं।
सरकार और हाईकोर्ट के आदेश के बाद हर प्रकार की पॉलीथिन के प्रयोग पर शहर में भी सख्ती की गई थी। प्रशासनिक व नगर निगम के अधिकारियों ने दुकानों, गोदामों पर जाकर छापामारी की थी। कुछ दिन सख्ती रही और फिर धीरे धीरे यह अभियान औपचारिक शक्ल लेने लगा। विभाग नरम हुए तो लोगों ने एक बार फिर उसका फायदा उठाना शुरू कर दिया। शहर के पटेल चौक, रामपुर रोड, नैनीताल रोड सहित कई बाजार इलाकों में पॉलीथिन का प्रयोग खुलेआम देखा जा सकता है।
अपनी सुविधा के लिए कई दुकानदार व आम लोग पर्यावरण में जहर घोलने का काम कर रहे हैं। ऐसे मामले साफ देखे जाने के बावजूद अधिकारियों की आंखें मुंदी हैं। न ही कोई सख्ती दिख रही है और न ही सख्ती को लेकर कोई योजना ही बनती नजर आ रही है। लोग भी बेपरवाह होकर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी खोते दिख रहे हैं। न ही वे पॉलीथिन को इनकार कर रहे हैं और न ही इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा रहे हैं।
अतिक्रमण अभियान चल रहा है, उसके बाद पॉलीथिन हटाए जाने पर सख्ती की जाएगी। लोगों को समझाया जाएगा और जो भी इस गैर कानूनी कार्य कर रहा होगा, उस पर कार्रवाई करेंगे।-डा. मनोज कांडपाल, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम
